आईपीएल में चेन्नई सुपर किंग्स के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी इस वक्त करियर के लास्ट फेज से गुजर रहे हैं। 2019 में ही अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कह चुके धोनी अभी सिर्फ आईपीएल खेलते हैं और अब उनके आईपीएल से भी संन्यास लेने की अटकलें हैं। हालांकि धोनी ने अभी ऐसी अटकलों को खारिज किया है, लेकिन इन सबके बीच सुनील गावस्कर ने धोनी को टीम इंडिया का कोच बनाए जाने की इच्छा प्रकट की है। दरअसल, गावस्कर से स्टार स्पोर्ट्स के एक कार्यक्रम में यह सवाल किया गया कि क्या धोनी को एक दिन भारतीय टीम का कोच बनना चाहिए?

क्या कहा लिटिल मास्टर ने ?

सुनील गावस्कर ने इस सवाल का जवाब देते हुए कहा कि धोनी जरूर टीम इंडिया के कोच का कार्यभार संभाल सकते हैं, लेकिन अगले कुछ सालों में नहीं। गावस्कर ने इस सवाल के जवाब में कहा, “एमएस धोनी भारतीय टीम की कोचिंग की भूमिका में कुछ समय बाद नजर आ सकते हैं। मेरा मानना है कि टीम से जुड़े किसी भी असाइनमेंट से जुड़ने के लिए एक खिलाड़ी को 2-3 साल का कूलिंग पीरियड बिताना चाहिए, फिर चाहे वो कोचिंग हो या चयन समिति या फिर मैनेजेमंट की जिम्मेदारी हर खिलाड़ी को 2-3 साल कूलिंग पीरियर की आवश्यकता है।

टीम इंडिया के मेंटॉर रह चुके हैं धोनी

आपको बता दें कि धोनी 2019 में अंतरराष्ट्रीय करियर को अलविदा कह चुके हैं। उसके बाद धोनी टीम के साथ बतौर मेंटॉर के रूप में जुड़े थे। 2021 टी20 वर्ल्ड कप में धोनी टीम इंडिया के मेंटॉर बने थे। धोनी ने इस काम के लिए कोई फीस भी नहीं ली थी, लेकिन उस टूर्नामेंट में टीम इंडिया का प्रदर्शन शर्मनाक रहा था। अभी धोनी आईपीएल के 16वें सीजन में चेन्नई सुपर किंग्स के लिए खेल रहे हैं और उनकी कप्तानी में टीम बहुत अच्छा प्रदर्शन कर रही है।