सनराइजर्स हैदराबाद ने बुधवार को मुंबई इंडियंस के खिलाफ मैच में रनों का अंबार लगा दिया। उन्होंने पहले बल्लेबाजी करते हुए 277 रन बनाए जो कि आईपीएल इतिहास का सबसे बड़ स्कोर है। इस स्कोर में टीम के युवा बल्लेबाज अभिषेक शर्मा का अहम रोल रहा। इसके बावजूद पूर्व ऑलराउंडर युवराज सिंह उनसे नाराज हो गए और साथ ही अभिषेक पर चप्पल उठाने की भी बात कर दी।
अभिषेक ने खेली तूफानी पारी
अभिषेक शर्मा ने 23 गेंदों में 63 रन की पारी खेली। इस पारी में उनके बल्ले से सात छक्के और तीन चौके निकले। इस खिलाड़ी ने महज 16 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा कर लिया था। उन्होंने पहले ट्रैविस हेड के साथ अहम साझेदारी की। दोनों ने जमकर मुंबई के गेंदबाजों की कुटाई की।
युवराज सिंह हुए नाराज
युवराज सिंह अभिषेक की पारी से खुश थे। हालांकि जिस शॉट पर युवा बल्लेबाज आउट हुआ उसने युवराज को गुस्सा दिला दिया। युवराज सिंह ने ट्वीट किया, ‘वाह सर अभिषेक वाह। कमाल की पारी लेकिन आउट होने के लिए क्या गज़ब शॉट लगाया। लातों के भूत बातों से नहीं मानते, अब खास चप्पल तुम्हारा इंतजार कर रही है।’
अभिषेक के मेंटॉर हैं युवराज सिंह
युवराज सिंह अभिषेक शर्मा के मेंटॉर हैं। अभिषेक अंडर19 के समय से युवराज सिंह के साथ ट्रेनिंग कर रहे हैं। उनके साथ-साथ शुभमन गिल भी युवराज के स्टुडेंट रहे हैं। यही कारण है कि युवराज सिंह अभिषेक की बल्लेबाजी पर पैनी नजर बनाए रहते हैं। उनकी जरा सी गलती भी युवराज को नाराज कर देती है। युवराज शुभमन गिल के आउट होने पर भी ऐसे ट्वीट कर चुके हैं।