भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान सौरव गांगुली इस बात से कतई इत्तेफाक नहीं रखते हैं कि टी20 क्रिकेट केवल युवाओं के लिए है। उनका मानना है कि सफल क्रिकेटर होने के लिए सिर्फ 3 चीजों (प्रतिभा, क्षमता, कौशल) का होना महत्वपूर्ण है। उनका यह भी मानना है कि इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में पिछले साल से लागू किए गए इम्पैक्ट प्लेयर नियम से टूर्नामेंट की प्रकृति पर कोई फर्क नहीं पड़ा है।
सौरव गांगुली का कहना है कि अच्छे ऑलराउंडर्स के लिए हमेशा प्लेइंग इलेवन में जगह बनी रहती है। सौरव गांगुली ने मीडिया से रूबरू होने के दौरान दिल्ली कैपिटल्स के कप्तान ऋषभ पंत के लिए भी ‘गुरुमंत्र’ दिया। सौरव गांगुली दिल्ली कैपिटल्स के मेंटर भी हैं।
ऋषभ पंत खुलकर खेलें, छक्का मारें: सौरव गांगुली
सौरव गांगुली ने बताया कि ऋषभ पंत को एक बेहतर टी20 बल्लेबाज बनने के लिए क्या बदलाव करने चाहिए। सौरव गांगुली ने कहा, ‘खुलकर खेलें, छक्का मारें और कुछ नहीं। छक्का मारना बहुत जरूरी है। बिना किसी डर के खेलें और छक्के मारने चाहिए। टी20 क्रिकेट में यह सबसे महत्वपूर्ण सोच है। आप ट्रेविस हेड को देख रहे हो ना? पहली गेंद से घुमाता है।’
सौरव गांगुली ने कहा, ‘हम सभी जानते हैं कि वह (पंत) छक्के मार सकते हैं, बड़े-बड़े छक्के मारते हैं। कोटला छोटा भी है, तो बस छक्के मारें।’ सौरव गांगुली को भरोसा है कि ऋषभ पंत भारत की 15 सदस्यीय टीम का हिस्सा होंगे। हालांकि, उनका कहना है कि यह देखना दिलचस्प होगा कि वह किस नंबर पर बल्लेबाजी करेंगे।
सफल होने के लिए प्रतिभा, क्षमता और कौशल जरूरी
टी20 क्रिकेट केवल युवाओं के लिए होने के सिद्धांत को सिरे से खारिज करते हुए सौरव गांगुली ने कहा, ‘यह युवा और बूढ़े के बारे में कुछ नहीं है। यह इस पर है कि आप कितने अच्छे हैं और यही चीज है महत्वपूर्ण है। कहने का मतलब है कि कोई पक्का नियम है। सिर्फ टैलेंट, एबिलिटी एंड परफॉर्मेंस (प्रतिभा, क्षमता और कौशल) का ही पक्का नियम है।’
सौरव गांगुली ने कहा, ‘हमें एमएस धोनी को देखें। वह दो ओवर बल्लेबाजी करते हैं और चार छक्के लगाते हैं। मैं चाहता हूं कि वह और ज्यादा समय तक बल्लेबाजी करें, लेकिन देखें कि वह कितने अच्छे हैं।’ IPL में इम्पैक्ट प्लेयर 2023 में लागू किया गया था, लेकिन इस सीजन इस पर ज्यादा चर्चा हो रही है। भारतीय कप्तान रोहित शर्मा समेत कई क्रिकेटर्स का कहना है कि इस नियम के कारण ऑलराउंडर खेल से बाहर हो गए हैं।
अच्छे ऑलराउंडर अब भी खेल रहे: सौरव गांगुली
सौरव गांगुली ने इस तथ्य को पूरी तरह से मानने से इंकार किया। सौरव गांगुली ने कहा, ‘थोड़ा बहुत हो सकता है, लेकिन अच्छे ऑलराउंडर अब भी खेल रहे हैं? हार्दिक पंड्या भी खेल रहे हैं। आप राशिद को देखो, वह खेल रहा है। वह प्लेइंग इलेवन में हैं। इसलिए अच्छे लोगों को हमेशा जगह मिलेगी। ग्लेन मैक्सवेल खेल चुके हैं। अब उन्होंने थोड़ा ब्रेक लिया है। मिचेल मार्श हमारे लिए खेले। हालांकि उन्होंने हमारे लिए पर्याप्त रन नहीं बनाए।’
सौरव गांगुली ने कहा, ‘अच्छे लोग हमेशा हिस्सा रहेंगे क्योंकि वे या तो बल्ले से या गेंद से योगदान देते हैं। इसलिए मैं यह नहीं सोचता हैं कि यह ऑलराउंडर की जगह खत्म कर रहा है, लेकिन औसत ऑलराउंडर के मामले में सिर्फ यही विकल्प है कि बेहतर बल्लेबाज या बेहतर गेंदबाज ही खेलेगा।’