Syed Mushtaq Ali Trophy 2022: टीम इंडिया में वापसी की राह देख रहे पृथ्वी शॉ का धमाल जारी है। इस बार उन्होंने सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2022 एक एलीट ग्रुप ए में असम के खिलाफ मैच में 46 गेंद में शतक ठोक दिया। 22 साल के पृथ्वी शॉ का टी20 क्रिकेट में यह पहला शतक है। उधर, उत्तर प्रदेश के शिवम मावी ने 23 गेंद में महज 14 रन देकर 4 विकेट चटकाए और दिल्ली को 100 रन के भीतर समेटने में अहम भूमिका निभाई।
राजकोट के सौराष्ट्र क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में खेले गए मुंबई-असम के मैच में असम के कप्तान मृण्मय दत्ता ने टॉस जीतकर गेंदबाजी चुनी। पहले बल्लेबाजी करते हुए मुंबई ने 20 ओवर में 3 विकेट पर 230 रन का विशाल स्कोर खड़ा कर दिया। यह इस सीजन किसी टीम का दूसरा सबसे बड़ा स्कोर है।
असम की टीम 19.3 ओवर में 10 विकेट पर 169 रन ही बना पाई। उसके 7 बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा नहीं छू पाए। रज्जाकुद्दीन अहमद ने सबसे ज्यादा 39 रन बनाए। रियान पराग ने 28, राहुल हजारिका ने 26, मुख्तार हुसैन ने नाबाद 25 रन बनाए।
पृथ्वी शॉ ने असम के खिलाफ मैच में 13 चौके और 9 छक्के की मदद से 61 गेंद में 134 रन की पारी खेली। मुंबई के कप्तान पृथ्वी शॉ के अलावा यशस्वी जायसवाल ने 5 चौके और एक छक्के की मदद से 30 गेंद में 42 रन बनाए। सरफराज खान 15 गेंद में 15 और शिवम दुबे 7 गेंद में 17 रन बनाकर नाबाद रहे। असम की ओर से रियान पराग, रोशन आलम और रज्जाकुद्दीन अहमद ने एक-एक विकेट लिए।
उत्तर प्रदेश ने 2 विकेट के नुकसान पर ही जीत लिया मैच
उत्तर प्रदेश और दिल्ली का मैच जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में खेला गया। दिल्ली के कप्तान नितीश राणा ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी चुनी। उनका यह फैसला सही साबित नहीं हुआ और पूरी टीम 19.5 ओवर में 99 रन पर ऑलआउट हो गई। उत्तर प्रदेश ने 17 ओवर में सिर्फ 2 विकेट के नुकसान पर 102 रन बनाकर मैच जीत लिया।
कप्तान करण शर्मा ने 50 गेंद में 52 रन की नाबाद पारी खेली। अक्षदीप नाथ ने 35 गेंद में नाबाद 31 रन बनाए। दिल्ली की ओर से नितीश राणा ने सबसे ज्यादा 45 रन बनाए। उन्होंने 39 गेंद में 3 चौके और 2 छक्के लगाए। उनके अलावा यश ढुल (18 गेंद, 11 रन) ही दहाई का आंकड़ा छू पाए।
उत्तर प्रदेश की ओर से शिवम मावी ने यश ढुल, हिम्मत सिंह, शिवांक वशिष्ठ और नवदीप सैनी के विकेट झटके। कुलदीप यादव नितीश राणा को पवेलियन की राह दिखाई। शिवा सिंह ने 25 रन देकर 2 विकेट लिए। करण शर्मा और कार्तिक त्यागी ने भी एक-एक विकेट लिए।