बॉलीवुड में किंग खान के नाम से मशहूर शाहरुख खान का खेलों से भी पुराना नाता है। खेल पृष्ठभूमि पर बनी उनकी फिल्म चक दे इंडिया बॉक्स ऑफिस पर काफी हिट रही थी। 2007 में रिलीज हुई उस फिल्म में शाहरुख खान ने हॉकी कोच कबीर सिंह का रोल निभाया था। हालांकि, यह बहुत कम लोग जानते होंगे कि शाहरुख खान हॉकी के खुद बहुत बढ़िया खिलाड़ी रहे हैं।
शाहरुख ने दिल्ली यूनिवर्सिटी संबद्ध हंसराज कॉलेज से ग्रेजुएशन किया है। शाहरुख को हंसराज कॉलेज में एडमिशन एक अच्छा हॉकी प्लेयर होने के नाते ही मिला था। यानी हंसराज कॉलेज में उनकी एंट्री स्पोर्ट्स कोटा के कारण हुई थी। उन्होंने जसराज कॉलेज की ओर कई मैचों में हिस्सा लिया। वह हॉकी में भारत का प्रतिनिधित्व भी करना चाहते थे, लेकिन उनका यह सपना पूरा नहीं हुआ। हालांकि, बॉलीवुड का यह सुपरस्टार चाहता है कि उनका छोटा बेटा अबराम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर हॉकी में देश का प्रतिनिधित्व करे। यह इच्छा उन्होंने आईपीएल में एक मैच के दौरान जाहिर की थी।
शायद यही वजह रही कि फिल्मी दुनिया में सफल होने के बावजूद शाहरुख का खेलों के प्रति लगाव कम नहीं हुआ है। वह इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) की फ्रैंचाइजी कोलकाता नाइटराइडर्स के सह मालिक हैं। यही नहीं कैरेबियन प्रीमियर लीग (सीपीएल) में भी उनकी एक टीम है, जिसका नाम ट्रिनबागो नाइटराइडर्स है। केकेआर जहां आईपीएल की ट्रॉफी पर दो बार कब्जा जमा चुकी है, वहीं ट्रिनबागो नाइटराइडर्स सीपीएल की तीन बार की चैंपियन हैं।
शाहरुख खान आईपीएल में सिर्फ केकेआर टीम के मालिक ही नहीं, बल्कि वह टीम की ओर से मैच भी खेल चुके हैं। जी हां, चौंक गए न, लेकिन यह सच है। बात साल 2011 की है। रॉयल चैलेंजर्स बंगलौर (आरसीबी) के तत्कालीन मालिक विजय माल्या, उनके बेटे सिद्धार्थ माल्या ने शाहरुख खान के खिलाफ बेंगलुरु के चिन्नास्वामी स्टेडियम में 10-10 ओवरों का एक मैच खेला था। विजय माल्या की टीम आरसीबी की जर्सी में थी। वहीं, शाहरुख और उनकी टीम ने केकेआर की यूनिफॉर्म में चुनौती पेश की थी।
मैच में पहले केकेआर ने बल्लेबाजी की। विजय माल्या ने टॉस जीता और गेंदबाजी का फैसला किया। शाहरुख खान ओपनिंग करने उतरे और अंत तक आउट नहीं हुए। केकेआर ने 10 ओवरों में 5 विकेट पर 67 रन बनाए। केकेआर की ओर से कुल 6 चौके लगे। आरसीबी की ओर से विजय माल्या ने ओपनिंग की।
हालांकि, वह कुछ खास नहीं कर सके। एक समय आरसीबी को 42 गेंद में 49 रन बनाने थे। इसके बाद सिद्धार्थ माल्या ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी की। सिद्धार्थ जब आउट हुए तब आरसीबी को 17 गेंद में 10 रन बनाने थे, जिसे बाद के बल्लेबाजों ने आसानी से हासिल कर लिया।