भारत के महानतम बल्लेबाजों की बात करें तो विराट कोहली का नाम शीर्ष तीन में होगा। यदि सुनील गावस्कर भारत के प्रमुख बल्लेबाजों के रूप में 1970 और 80 के दशक में हावी थे तो सचिन तेंदुलकर 1990 और 2000 के दशक में देश के सबसे पूर्ण बल्लेबाज के रूप में सामने आए। इसी तरह वर्तमान पीढ़ी में कोहली सबसे ज्यादा सफल हैं। इस बात को पाकिस्तान के पूर्व कप्तान सलमान बट्ट ने भी माना है। उन्होंने कोहली को मौजूदा समय का सबसे प्रभावशाली बल्लेबाजी बताया है।
सलमान ने यूट्यूब चैनल पर एक फैन द्वारा विराट के बारे में पूछे गए सवाल पर कहा, ‘‘मेरा मानना है कि विराट कोहली सभी प्रारूपों में दुनिया के सबसे प्रभावशाली बल्लेबाज हैं। इसमें कोई संदेह नहीं है। उनका प्रदर्शन खुद बोलता है और परिणाम उनकी टीम के पक्ष में जाता है।’’ सलमान ने इसके अलावा इंग्लैंड के कप्तान इयॉन मॉर्गन और महेंद्र सिंह धोनी में बेहतर कप्तान कौन है इस सवाल का भी जवाब दिया। बट्ट ने धोनी को मॉर्गन से बेहतर कप्तान बताया।
बट्ट ने कहा, ‘‘धोनी मैदान पर चालाकियां दिखाते हैं। वे मैदान पर जैसे हालात को कंट्रोल करते हैं और चीजें चलाते हैं, उसकी तारीफ की जानी चाहिए। मॉर्गन को अभी भी बहुत कुछ सीखने की जरूरत है। मॉर्गन हालात के हिसाब से खुद के फैसले को सही से लागू नहीं कर पाते। वे हमेशा यह देखते हैं कि 300 से 350 के लक्ष्य का पीछा कैसे किया जाए, लेकिन कभी वह यह नहीं सोचते कि विपक्षी बल्लेबाजों को कैसे कम से कम स्कोर पर रोका जाए।’’
सलमान ने रोहित शर्मा से जुड़े सवाल का भी जवाब दिया। आईपीएल में रोहित की कप्तानी के बारे में पूछे जाने पर पाकिस्तान के पूर्व कप्तान ने कहा, ‘‘आईपीएल में रोहित शर्मा की कप्तानी भी काफी बेहतरीन होती है। रोहित के फैसले लाजवाब होते है।’’ आईपीएल में रोहित, धोनी और कोहली के प्रदर्शन की बात करें तो हिटमैन ने सबसे ज्यादा 5 खिताब जीते हैं। धोनी ने टीम को 3 बार चैंपियन बनाया है। वहीं, कोहली को अब तक खिताब जीतने में सफलता नहीं मिली है।