भारत के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी को सबसे कूल क्रिकेटर कहा जाता है। उनके बारे में लोगों में यह राय है कि धोनी कभी भी मैदान पर गुस्सा नहीं होते हैं। वे कठिन परिस्थितियों में भी शांत रहकर जीत का रास्ता निकाल लेते हैं। धोनी की पत्नी साक्षी भी इस बात पर मुहर लगा चुकी हैं। हालांकि, साक्षी ने इतना जरूर कहा कि वे मैदान का गुस्सा अंदर में दबाकर रखते हैं और घर पर आकर निकालते हैं। धोनी की वाइफ ने एक इंटरव्यू में कई राज खोले थे।

साक्षी ने कुछ महीनों पहले दिए एक इंटरव्यू में धोनी के गुस्से के बारे में बात की थी। उन्होंने कहा था, ‘‘लोगों को लगता है कि धोनी हमेशा शांत रहते हैं, लेकिन वे शांत नहीं हैं। सिर्फ मेरे कारण ही उन्हें गुस्सा आता है। कहीं और का गुस्सा वो मेरे सामने उतारते हैं और मैं उससे खुश होती हूं। उनके साथ मेरे अलावा कोई भी झगड़ा नहीं कर सकता। मैं ही धोनी को उकसा या परेशान कर सकती हूं, क्योंकि उनके सबसे ज्यादा करीब मैं ही हूं। वो मेरे ऊपर गुस्सा निकालते हैं, लेकिन मुझे इससे फर्क नहीं पड़ता।’’


साक्षी ने हाल ही में अपना 32वां जन्मदिन मनाया है। वे इन दिनों अपने पति और बेटी जीवा के साथ दुबई में हैं। धोनी आईपीएल समाप्त होने के बाद परिवार के साथ छुट्टी मनाने के लिए गए हैं। साक्षी के जन्मदिन के मौके पर पाकिस्तान के दिग्गज क्रिकेटर शोएब मलिक और उनकी पत्नी भारत की स्टार टेनिस खिलाड़ी सानिया मिर्जा मौजूद थीं। इन दोनों के अलावा अभिनेता सलमान खान की बहन अर्पिता खान और सानिया की बहन अनम मिर्जा भी थीं।

साक्षी ने उस इंटरव्यू के दौरान धोनी के साथ 10 साल के सफर में बात की थी। उन्होंने कहा था, ‘‘यह एक अच्छा सफर रहा है। मैंने माही की वजह से सबकुछ देख लिया। उनसे पहले मैं कॉलेज में थी। बैचलर के बाद शादी हो गई। उनके साथ मैंने सबकुछ सीखा और दुनिया देखा। धोनी को पद्म भूषण, लेफ्टिनेंट कैप्टन की मानद उपाधि मिलना और वर्ल्ड कप 2011 जीत उनके साथ मेरी बेस्ट मोमेंट रही है। ’’