मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर ने सोशल मीडिया साइट ट्विटर पर शुक्रवार को फैंस के सवाल के जवाब दिए। इस दौरान उनसे उनके बेटे अर्जुन तेंदुलकर, 2011 वर्ल्ड कप, महेंद्र सिंह धोनी, सौरव गांगुली और ट्विटर ब्लू टिक समेत अन्य मुद्दों पर सवाल किए गए। दिग्गज क्रिकेटर के बेटे अर्जुन ने हाल ही में आईपीएल 2023 में मुंबई इंडियंस के लिए डेब्यू किया, तो इतिहास बना। दोनों लीग के इतिहास में खेलने वाले पहले बाप-बेटे बने। ऐसे में अर्जुन को लेकर सवाल होना लाजमी था।

एक फैन ने दो फोटो पोस्ट की। पहले में सचिन तेंदुलकर और रोहित शर्मा गले मिलते दिख रहे हैं। दूसरी फोटो आईपीएल में अर्जुन के पहले विकेट लेने के बाद की है। इस दौरान जूनियर तेंदुलकर को रोहित ने गले लगा लिया था। फैन ने सचिन से सवाल किया इन दोनों फोटो को देखकर उनके दिमाग में क्या ख्याल आता है? सचिन तेंदुलकर ने इसका जवाब देते हुए कहा, “काश हम लोग मुंबई इंडियंस के लिए साथ खेल रहे होते। एक फैन ने सवाल किया कि क्या अर्जुन तेंदुलकर ने उन्हें कभी आउट किया है। सचिन ने इसका जवाब देते हुए कहा, “हां, एक बार लॉर्ड्स में, लेकिन अर्जुन को यह बात याद नहीं दिलानी।”

2011 वर्ल्ड कप फाइनल में विराट कोहली को क्या सलाह दी?

एक फैन ने 2011 वर्ल्ड कप फाइनल की फोटो पोस्ट की। इसमें सचिन तेंदुलकर आउट होने के बाद पवेलियन की ओर जाते हुए बल्लेबाजी के लिए आ रहे विराट कोहली से बात करते हुए दिखाई दे रहे हैं। इसे लेकर सवाल किया गया किया उन्होंने कोहली से क्या कहा था? सचिन तेंदुलकर ने बताया, अब भी बॉल थोड़ा स्विंग हो रहा है!”

धोनी को MS तो गांगुली को कहते हैं दादी

बता दें कि श्रीलंका को हराकर टीम इंडिया चैंपियन बनी थी। सचिन तेंदुलकर ने बताया कि वह टीम इंडिया के सबसे सफल कप्तानों में से एक महेंद्र सिंह धोनी को हमेशा एमएस कहकर बुलाते हैं। टीम इंडिया के पूर्व कप्तान और बीसीसीआई के पूर्व अध्यक्ष सौरव गांगुली को पूरी दुनिया दादा के नाम से जानती है, तो सचिन उन्हें प्यार से दादी कहते हैं।