Ind vs AUS T20 Series: टीम इंडिया ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीसरे टी20 को जीतकर 2-1 से सीरीज अपने नाम कर लिया। इसके साथ ही टीम के कप्तान रोहित शर्मा ने बड़ी उपलब्धि हासिल की। उन्होंने बतौर भारतीय कप्तान सबसे ज्यादा टी20 मैच जीतने के मामले में विराट कोहली को पीछे छोड़ दिया। अब वह सिर्फ महेंद्र सिंह धोनी से पीछ रह गए हैं। तीसरे टी20 में ऑस्ट्रेलिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 7 विकेट पर 186 रन बनाए। सूर्यकुमार यादव और कोहली की अर्धशतकीय पारी से टीम इंडिया ने 19.5 ओवर में लक्ष्य को हासिल कर लिया। इसके अलावा टीम इंडिया ने टी20 में रन चेज का शानदार रिकॉर्ड जारी रखा।

विराट कोहली को रोहित शर्मा ने छोड़ दिया पीछे

बतौर भारतीय कप्तान टी20 में सबसे ज्यादा मैच जीतने के मामले में महेंद्र सिंह धोनी 72 मैच में 42 जीत के साथ पहले स्थान पर हैं। रोहित शर्मा ने 42 मैच में 33 जीत दर्ज की हैं। विराट कोहली ने 50 मैचों में 32 जीत दर्ज की। रोहित की कप्तानी में टीम का जीत प्रतिशत लगभग 80 फीसदी है। कोहली की कप्तानी में यह आंकड़ा लगभग 65 प्रतिशत का था। धोनी की कप्तानी में जीत प्रतिशत 60 के करीब रहा। बता दें कि धोनी की कप्तानी में 2007 टी20 वर्ल्ड कप में पाकिस्तान के खिलाफ टाई रहा था। बॉल आउट में 3-0 से भारत को जीत मिली थी। इसके अलावा कोहली की कप्तानी में न्यूजीलैंड के खिलाफ जनवरी 2020 में दो मैच टाई हुए थे। सुपर ओवर में दोनों मैच टीम इंडिया जीती थी।

रन चेज के मामले शानदार रिकॉर्ड

केएल राहुल, रोहित शर्मा, विराट कोहली, सूर्यकुमार यादव और हार्दिक पांड्या जैसे बल्लेबाजों की मौजूदगी में कोई भी लक्ष्य हासिल करना आसान दिखाई देता है। इस बात ये आंकड़े सच साबित करते हैं। साल 2021 से टी20 में रन चेज करते हुए टीम इंडिया 14 में से 13 मैच जीती है। सिर्फ 1 में उसे हार का सामना करना पड़ा है। टीम इसी साल इंग्लैंड दौरे पर तीसरे टी20 में 17 रनों से हारी थी। सूर्यकुमार ने 117 रनों की शानदार पारी खेली थी, पर जीत न दिला पाए थे।

ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टी20 में रन चेज का शानदार रिकॉर्ड

भारत के नाम ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टी20 में रन चेज का शानदार रिकॉर्ड भी है। कंगारूओं के खिलाफ सबसे बड़ा स्कोर टीम इंडिया ने चेज किया है। साल 2013 में राजकोट में टीम ने 202 रनों के लक्ष्य को हासिल किया था। साल 2016 और 2020 में सिडनी में 198 और 195 का टारगेट हासिल किया। फिर हैदराबाद में रविवार को 187 रनों का लक्ष्य हासिल किया। इसके अलावा पाकिस्तान ने हरारे में 2018 में 184 रनों का लक्ष्य हासिल किया था।