रोहित शर्मा और रितिका सजदेह को भारतीय क्रिकेट की सबसे खूबसूरत जोड़ियों में शामिल किया जाता है। दोनों ने 13 दिसंबर 2015 को शादी की थी। दोनों इसके बाद 30 दिसंबर 2018 को दोनों माता-पिता बने थे। रितिका ने समायरा को जन्म दिया था। रोहित की लव स्टोरी काफी फिल्मी है। वे एक विज्ञापन की शूटिंग पर रितिका से मिले थे। पहले तो उन्हें वो घमंडी लगीं, लेकिन बाद में दोनों में दोस्ती हुई और वह प्यार में बदल गया। इस बारे में रोहित ने एक इंटरव्यू में विस्तार से बताया था।

स्पोर्ट्स एंकर गौरव कपूर ने अपने यूट्यूब चैनल ‘ऑकट्री स्पोर्ट्स’ के लिए दो साल पहले रोहित का इंटरव्यू किया था। रोहित ने कहा था, ‘‘मैं 20 साल की उम्र में एक शूटिंग के लिए गया था। उसमें युवराज सिंह और इरफान पठान भी थे। मैं युवराज सिंह से मिलने गया। सीनियर प्लेयर से पहले मिलना पड़ता है। मैंने युवराज सिंह को हेलो कहा था। उस समय रीतिका भी वहां बैठी थी। युवी पा ने मुझे बात करने से पहले ही कि ये मेरी बहन है, इसकी तरफ देख भी मत।’’

रोहित ने इसके आगे बताया, ‘‘पूरे शूट मैं रीतिका को गुस्से में ही देख रहा था। कह रहा था कि कौन है ये, किस बात का है इतना घमंड। मेरा जॉब शॉट आ रहा था तो मैं नर्वस था। मुझे पता नहीं था कि क्या करना है। तब मैं इतना नर्वस था कि पता नहीं क्या होगा। सही होगा या नहीं। शूटिंग के बाद डायरेक्टर मेरे पास आया और बोला कि सर आपका माइक बंद था तो कुछ रिकॉर्ड नहीं हो पाया। हमें फिर से करना होगा। जब मैं शॉट फिर से देने गया तो रीतिका वहां पर थी। उसने प्यार से मुझसे पूछा कि कोई मदद चाहिए तो बताना। यह हमारी पहली बातचीत थी। इसके बाद हम क्लोज फ्रेंड हो गए। फिर हम साथ हो गए और 2015 में शादी कर ली।’’

रोचक बात है कि रोहित ने अपनी शादी की सालगिरह पर ही वनडे करियर का तीसरा दोहरा शतक लगाया था। उन्होंने 2017 में मोहली के मैदान पर श्रीलंका के खिलाफ अपने वनडे करियर का तीसरा दोहरा शतक जड़कर अपनी शादी की दूसरी सालगिरह का जश्‍न मनाया था। उन्‍होंने नाबाद 208 रनों की पारी खेलकर श्रीलंकाई गेंदबाजों को कूट दिया था। भारत ने 4 विकेट के नुकसान पर 392 रन बना लिए थे। जवाब में श्रीलंका की टीम 8 विकेट पर 251 रन ही बना पाई थी।