Covid-19: कोरोनावायरस के कारण सिर्फ अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को ही नहीं फ्रैंचाइजी लीग को भी नुकसान हो रहा है। 29 मार्च से शुरू होने वाला इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) का 13वां सीजन 15 अप्रैल तक के लिए टाल दिया गया है। कोरोना के कहर के कारण देश को 21 दिनों के लिए लॉकडाउन कर दिया गया है। आईपीएल का सीजन कब से शुरू होगा, इसका अभी कोई अंदाजा नहीं है। इसी बीच टीम इंडिया के उप-कप्तान रोहित शर्मा ने इंस्टाग्राम लाइव किया है। उन्होंने इंग्लैंड के पूर्व कप्तान केविन पीटरसन को इंटरव्यू भी दिया।
मुंबई को 4 बार चैंपियन बनाने वाले रोहित ने इस दौरान बताया कि आईपीएल का यह सीजन कब और किस स्थिति में हो पाएगा। दरअसल, पीटरसन ने उनसे पूछा कि क्या इस बार आइपीएल होगा या नहीं? इस पर मुंबई के कप्तान होगा, लेकिन सबकुछ हालात पर निर्भर है। उन्होंने कहा कि कोरोनावायरस से निपटने के बाद ही यह संभव हो पाएगा। कुछ हद तक हालात सुधरने के बाद दुनिया के सबसे बड़े टी20 लीग का आयोजन भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) कर सकती है।
टीम इंडिया का यह ओपनर जब लाइव स्ट्रीमिंग कर रहा था तब लेग स्पिनर युजवेंद्र चहल और दक्षिण अफ्रीका के पूर्व कप्तान एबी डिविलियर्स ने भी कमेंट किया। रोहित ने कहा, ‘‘एक लेवल पर यह टूर्नामेंट हो सकता है, जब चीजें (कोरोनावायरस) ठीक हो जाएंगी। यह हो सकता है कौन जानता है।’’ रोहित आईपीएल में सबसे ज्यादा खिताब जीतने वाले कप्तान हैं। उनके बाद दूसरे स्थान चेन्नई सुपरकिंग्स के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी हैं।
कोरोनावायरस के कारण देश में अब तक 17 लोगों की मौत हो चुकी है। 700 से ज्यादा लोग इससे संक्रमित हैं। जिस तरह यह आंकड़ा बढ़ता जा रहा है उससे ऐसा लगता है आईपीएल का आयोजन इस बार मुश्किल है। हालांकि, अगर सब कुछ जल्दी ही ठीक हो जाता है तो टूर्नामेंट हो सकता है। इस वायरस से सिर्फ भारत के ही नहीं दुनिया भर के लोग परेशान हैं। अब तक 21 हजार से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है।