आईपीएल 2024 से ठीक पहले रोहित शर्मा से मुंबई इंडियंस की कप्तानी छीन ली गई थी और उनकी जगह हार्दिक पांड्या को टीम का कप्तान बनाया गया था। अब रोहित शर्मा ने मुंबई की कप्तानी गंवाने पर पहली बार प्रतिक्रिया दी और स्वीकार किया कि हर चीज आपके हिसाब से नहीं होती।
टी20 वर्ल्ड कप 2024 की शुरुआत 2 जून से होगी और यहां पर रोहित शर्मा की भूमिका अलग होगी। रोहित जहां भारतीय टीम के कप्तान होंगे तो वहीं हार्दिक पांड्या टीम के उप-कप्तान होंगे। हालांकि हार्दिक पांड्या आईपीएल 2024 में मुंबई के कप्तान के रूप में ज्यादा प्रभाव नहीं छोड़ पाए हैं, तो वहीं रोहित शर्मा का मानना है कि वो भले ही मुंबई के कप्तान नहीं हैं, लेकिन इससे उन्हें टीम इंडिया की कप्तानी करने में कोई परेशानी नहीं होगी।
हार्दिक की कप्तानी में खेलने पर कोई परेशानी नहीं
रोहित शर्मा ने गुरुवार को मुंबई में आयोजित एक प्रेस कांफ्रेंस के दौरान कहा कि देखिए ये जीवन का हिस्सा है। सब कुछ आपके अनुसार नहीं होगा और ये एक शानदार अनुभव रहा है। जब उनसे पूछा गया कि आईपीएल में हार्दिक की कप्तानी में खेलने को लेकर उनका अनुभव कैसा रहा है। इसका जवाब देते हुए रोहित शर्मा ने कहा कि मैं पहले भी कप्तान नहीं रहा हूं और कई कप्तानों के साथ खेला हूं। ये मेरे लिए कोई नई बात नहीं है या कुछ अलग नहीं है। आपको बता दें कि रोहित शर्मा फ्रेंचाइजी क्रिकेट में एडम गिलक्रिस्ट, हरभजन सिंह और रिकी पोंटिंग के अलावा भारत के लिए महेंद्र सिंह धोनी, वीरेंद्र सहवाग और विराट कोहली की कप्तानी में खेल चुके हैं।
रोहित शर्मा आईपीएल के पिछले तीन सीजन में उस तरह के प्रदर्शन नहीं कर पाए थे जिसके लिए वो जाने जाते हैं और इसके लिए उनकी आलोचना भी हुई, लेकिन आईपीएल के 17वें सीजन में वो पूरी तरह से अलग नजर आए। उन्होंने कहा कि जो कुछ भी आपके सामने है आप उसके मुताबिक चलते हैं और फिर कोशिश करते हैं को एक खिलाड़ी के रूप में आपके लिए जो जरूरी है वो किया जाए। मैंने पिछले एक महीने में लगभग यही करने की कोशिश की है। रोहित शर्मा ने आईपीएल 2024 के पहले 10 मैचों में मुंबी के लिए 314 रन बनाए हैं और लगभग हर मैच में टीम को तेज शुरुआत दिलाई है।