महेंद्र सिंह धोनी ने इंटरनेशनल क्रिकेट से साल 2020 में संन्यास ले लिया था, लेकिन इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में चेन्नई सपर किंग्स (CSK)के लिए खेलना जारी रखा है। 2020 के बाद से यह हर साल यह कहा जाता है कि माही का यह आखिरी सीजन होगा, लेकिन ऐसा होता नहीं है। महेंद्र सिंह धोनी आईपीएल 2023 में चेन्नई सुपर किंग्स का प्रतिनिधित्व करने के लिए तैयार हैं और सीजन शुरू होने से पहले यह सवाल फिर होने लगा है कि क्या यह 4 बार के आईपीएल चैंपियन कप्तान का आखिरी सीजन होगा?
मुंबई इंडियंस (MI)के कप्तान रोहित शर्मा से सीजन से पहले प्रेस कॉनफ्रेंस में सवाल किया गया कि क्या यह महेंद्र सिंह धोनी का आखिरी आईपीएल सीजन होगा। हिटमैन को लगता है कि ऐसा नहीं होगा। चेन्नई सुपर किंग्स में धोनी के पूर्व साथी खिलाड़ी सुरेश रैना भी यह बात कह चुके हैं कि यह माही का आखिरी सीजन नहीं होगा। सीएसके के तेज गेंदबाज दीपक चाहर ने भी धोनी के संन्यास की अटकलों को खारिज किया था।
क्या बोले रोहित शर्मा
महेंद्र सिंह धोनी के रिटायरमेंट के सवाल पर रोहित शर्मा ने कहा, “मुझे नहीं पता कि यह उनका आखिरी सीजन है या नहीं। मैं पिछले 2-3 साल से यही सुन रहा हूं। वह काफी फिट हैं। वह अभी भी खेल रहे हैं। वह खेलना जारी रखेंगे।” वहीं सुरेश रैना ने लीजेंड्स लीग के दौरान कहा था, ” आप नहीं जानते वह अगले साल भी आईपीएल खेल सकते हैं। वह अच्छी बल्लेबाजी कर रहे हैं और फिट दिख रहे हैं। यह इस बात पर निर्भर करेगा कि इस साल प्रदर्शन कैसा रहता है। यह थोड़ा चुनौतीपूर्ण हो सकता है क्योंकि उन्होंने और अंबाती रायडू ने एक साल से टूर्नामेंट नहीं खेला है। मुझे लगता है कि टीम काफी मजबूत है, काफी युवा खिलाड़ी टीम में शामिल हैं। ऋतुराज गायकवाड़, डेवोन कॉनवे, जड्डू (रविंद्र जडेजा), बेन स्टोक्स, दीपक चाहर। देखते हैं प्रदर्शन कैसा रहता है।”
चेन्नई सुपर किंग्स के लिए आईपीएल 2022 अच्छा नहीं रहा था
चेन्नई सुपर किंग्स के लिए आईपीएल 2022 अच्छा नहीं रहा था। टीम अंक तालिका में 9वें नंबर पर रही थी। 31 मार्च से आईपीएल 2023 की शुरुआत होगी। यह मैच महेंद्र सिंध धोनी की अगुआई वाली चेन्नई सुपर किंग्स और हार्दिक पांड्या की अगुआई वाली गुजरात टाइटंस (GT) के बीच खेला जाएगा। गुजरात ने अपने पहले ही सीजन में कमाल का प्रदर्शन किया था। आईपीएल 2022 में राजस्थान रॉयल्स (RR) को हराकर चैंपियन बनी थी।