भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच चार टेस्ट मैचों की सीरीज का आखिरी मुकाबला ब्रिस्बेन के गाबा में खेला जा रहा है। ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। हालांकि, उसका यह फैसला तीसरे ओवर में ही गलत साबित हुआ। मोहम्मद सिराज ने ओपनर डेविड वॉर्नर को एक रन के निजी स्कोर पर पवेलियन का रास्ता दिखा दिया। वॉर्नर का शानदार कैच रोहित शर्मा ने लिया। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

सिराज ने भारतीय गेंदबाजी की शुरुआत की। उन्होंने पहले ओवर की आखिरी गेंद पर वॉर्नर को पवेलियन का रास्ता दिखा दिया। सिराज की गेंद ने वॉर्नर के बल्ले का किनारा लिया और स्लिप की ओर गई। यह गेंद पहली स्लिप तक नहीं पहुंचती। दूसरी स्लिप में खड़े रोहित ने अक्रॉस डाइव लगाते हुए एक जबरदस्त कैच लपक लिया। इसके बाद रोहित शर्मा ने भारत को सबसे बड़ी सफलता दिलाने में भी योगदान दिया। उन्होंने वॉशिंगटन सुंदर की गेंद पर दिग्गज बल्लेबाज स्टीव स्मिथ का कैच भी लिया। स्मिथ ने 36 रन बनाए।

दूसरी ओर, कप्तान अजिंक्य रहाणे के लिए मैदान पर अच्छा दिन नहीं रहा। स्मिथ के आउट होने के कुछ देर बाद ही नवदीप सैनी की गेंद पर मार्नस लबुशाने ने शॉट खेला। गेंद सीधे रहाणे के हाथों में गई, लेकिन वो कैच नहीं पकड़ सके और लबुशाने को जीवनदान मिल गया। ब्रिस्बेन में भारतीय टीम चार बदलाव के साथ उतरी। टी नटराजन और वॉशिंगटन सुंदर ने डेब्यू किया। नटराजन ने अपने डेब्यू मैच में इतिहास रच दिया।

नटराजन टीम इंडिया के लिए डेब्यू करने वाले 300वें और वॉशिंगटन 301वें प्लेयर हैं। नटराजन को बॉलिंग कोच भरत अरुण और वॉशिंगटन को रविचंद्रन अश्विन ने डेब्यू कैप सौंपी। नटराजन एक ही दौरे पर तीनों फॉर्मेट (टेस्ट, वनडे और टी-20) में डेब्यू करने वाले पहले भारतीय बन गए हैं। इससे पहले ऐसा कभी नहीं हुआ कि भारत के लिए किसी एक दौरे पर तीनों फॉर्मेट में किसी एक खिलाड़ी ने डेब्यू किया हो। नटराजन ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे और टी20 में भी डेब्यू किया था।