क्रिकेट में बुरा समय क्या होता है? इस समय रोहित शर्मा से बेहतर कौन बता सकता है। मुंबई में मेलबर्न जैसा नजारा देखने को मिला। जम्मू कश्मीर के तेज गेंदबाज उमर नजीर की गेंद ऑफ स्टंप के बाहर, लेंथ से थोड़ी पीछे की ओर गिरी। रोहित शर्मा ठीक उसी पोजिशन में आ गए जैसे वह ऑस्ट्रेलिया में बॉक्सिंग डे टेस्ट की पहली पारी में पैट कमिंस की गेंद पर आए थे। नतीजा भी वही रहा। दूर जाती गेंद को रोहित ने पुल करने की कोशिश की। गेंद को अक्रॉस द लाइन खेलने का प्रयास किया। गेंद ने बल्ले का किनारा लिया और मिड ऑफ पर पारस डोगरा ने कैच लिया।
एमसीजी और बांद्रा बीकेसी के बीच एकमात्र अंतर रोहित शर्मा के आउट होने पर विरोधी टीम का रिएक्शन था। ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी खुशी से झूम उठे थे, लेकिन जम्मू और कश्मीर के खिलाड़ी खास तौर पर गेंदबाज नजीर काफी संयमित दिखे। नजीर ने दिन का खेल समाप्त होने के बाद बताया कि उन्होंने क्यों जश्न क्यों नहीं मनाया।
नौसिखिए बल्लेबाज की तरह संघर्ष करते दिखे रोहित शर्मा
नजीर ने कहा, “मैं रोहित शर्मा का बहुत बड़ा प्रशंसक हूं और इसीलिए मैंने आज उनका विकेट लेने के बाद जश्न नहीं मनाया।” जब रोहित बल्लेबाजी करने उतरे तो दर्शकों ने नारा लगाया, “मुंबई का राजा, रोहित शर्मा!” उन्होंने फैंस को निराश किया। वह सिर्फ 3 रन बना सके और 19 गेंदों में उन्होंने एक नौसिखिए बल्लेबाज की तरह संघर्ष किया। वह लय हासिल नहीं कर पाए।
जम्मू-कश्मीर के 6 फुट 4 इंच के गेंदबाज ने बरपाया कहर
जम्मू-कश्मीर के 6 फुट 4 इंच के इस तेज गेंदबाज ने केवल रोहित शर्मा को आउट नहीं किया। उन्होंने 4 विकेट चटकाए। गेंद स्विंग हो रही थी, लेकिन मुंबई के टॉप ऑर्डर के पास कोई जवाब नहीं था। रोहित के बाद नजीर ने हार्दिक तमोरे को पवेलियन भेजा। उन्होंने 7 रन बनाए। कप्तान अजिंक्य रहाणे को बोल्ड किया। उन्होंने 12 रन बनाए। इसके अलावा शिवम दुबे को आउट किया। वह खाता नहीं खोल पाए। उमर नजीर के बारे में जानने के लिए क्लिक करें।
