रणजी ट्रॉफी 2025 को दूसरा सेमीफाइनलिस्ट मिल गया है। टूर्नामेंट के क्वार्टर फाइनल 3 में मंगलवार (11 फरवरी) को डिफेंडिंग चैंपियंस मुंबई ने हरियाणा को 153 रन से हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई। मुंबई की इस जीत के नायक भारतीय टीम से बाहर चल रहे खिलाड़ी रहे। फास्ट बॉलिंग ऑलराउंडर शार्दुल ठाकुर और कप्तान अजिंक्य रहाणे ये खिलाड़ी हैं।
पहली पारी में 315 रन बनाने वाली मुंबई ने दूसरी पारी में 339 रन बनाए। हरियाणा को 354 रन का टारगेट दिया। इसके जवाब में हरियाणा की टीम 201 रनों पर आउट हो गई। मुंबई के लिए दूसरी पारी में रॉयस्टन डायस ने सबसे ज्यादा 5 विकेट लिए। पहली पारी में में 6 विकेट लेने वाले शार्दुल ठाकुर ने दूसरी पारी में 3 विकेट लिए। उन्होंने कुल 9 विकेट लिए।
मुंबई ने 339 रन का बड़ा स्कोर खड़ा किया
मुंबई के कप्तान अजिंक्य रहाणे पहली पारी में अच्छी शुरुआत को बड़ी पारी में नहीं बदल पाए थे। उन्होंने 31 रन बनाए थे। दूसरी पारी में उन्होंने 108 रन बनाए। इसके अलावा भारत के टी20 कप्तान सूर्यकुमार यादव ने 70 रन की पारी खेली। शिवम दुबे ने 48 रन बनाए। मुंबई ने 339 रन का बड़ा स्कोर खड़ा कर दिया।
हरियाणा की बल्लेबाजी अच्छी नहीं रही
354 रन के टारगेट के जवाब में हरियाणा की बल्लेबाजी अच्छी नहीं रही। लक्ष्य दलाल 64 और सुमित कुमार 62 को छोड़कर कोई भी बल्लेबाज टिक नहीं सका। 7 बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा नहीं छू पाए। मुंबई के लिए रॉयस्टन डायस ने 5, शार्दुल ठाकुर ने 3 और तनुष कोटियान ने 2 विकेट लिए।
25 रन पर 4 विकेट गंवाने के बाद मुंबई ने की वापसी
मुंबई की टीम एक समय बैकफुट पर थी। पहली पारी में उसने 25 रन पर 4 विकेट गंवा दिए थे। अजिंक्य रहाणे की अगुआई वाली टीम के पुछल्ले बल्लेबाजों ने शानदार प्रदर्शन किया। शम्स मुलानी ने 178 गेंद पर 91 और तनुष कोटियान ने 173 गेंद पर 97 रन बनाए। इन दोनों खिलाड़ियों की पारी के बदौलत मुंबई ने 315 रन बनाए। इसके जवाब में हरियाणा की टीम ने 301 रन बनाए। ग्रुप स्टेज में अजेय रही हरियाणा को नॉकआउट में हार का सामना करना पड़ा और केवल 1 हार के कारण वह टूर्नामेंट से बाहर हो गई। मुंबई के अलावा गुजरात सेमीफाइनल में पहुंच गई है। उसने सौराष्ट्र को क्वार्टर फाइनल में हराया। पूरी खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें।