भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच चार टेस्ट मैचों की सीरीज का चौथा और आखिरी ब्रिस्बेन में खेला जा रहा है। इस मैच में ऑस्ट्रेलिया के दिग्गज ऑफ स्पिनर नाथन लियोन ने पहली पारी में भारतीय ओपनर रोहित शर्मा को पवेलियन का रास्ता दिखा दिया। इसके साथ ही वो टेस्ट क्रिकेट में रोहित को सबसे ज्यादा बार आउट करने वाले खिलाड़ी भी बन गए। खास बात यह है कि लियोन ने ऐसा अपने 100वें टेस्ट मुकाबले में किया।

लियोन ने रोहित को टेस्ट क्रिकेट में छठी बार आउट किया है। इससे पहले रोहित शर्मा को दक्षिण अफ्रीका के कगिसो रबाडा ने 5 और वर्नोन फिलैंडर ने 3 बार आउट किए हैं। रोहित ने लियोन की 258 गेदों का सामना किया। उन्होंने रबाडा के 204 और फिलैंडर के 131 गेंदों का सामना किया है। लियोन ने रोहित को आउट करने के बाद कहा कि वे एक शानदार खिलाड़ी हैं। लियोन ने कहा, ‘‘यहां (बिस्बेन) के दर्शक शानदार हैं। रोहित वर्ल्ड-क्लास खिलाड़ी हैं। मैं उन्हें बेस्ट गेंद डाल रहा था।’’

लियोन का यह 100वां टेस्ट मैच है। वे ऑस्ट्रेलिया की ओर से 100 या उससे ज्यादा टेस्ट मैच खेलने वाले 13वें खिलाड़ी हैं। लियोन ने टेस्ट डेब्यू करने से पहले सिर्फ 5 फर्स्ट क्लास मैच खेले थे। लियोन उन खिलाड़ियों की लिस्ट में तीसरे स्थान पर हैं जिन्होंने डेब्यू के समय सबसे कम फर्स्ट क्लास मैच खेला और देश के लिए 100 टेस्ट भी खेल लिए। इस मामले में न्यूजीलैंड के डेनियल विटोरी पहले स्थान पर हैं। विटोरी ने डेब्यू के समय सिर्फ 2 फर्स्ट क्लास मैच खेले थे। उन्होंने न्यूजीलैंड के लिए कुल 113 टेस्ट मैच खेले थे। इस मामले में दूसरे स्थान पर वसीम अकरम हैं।

वसीम अकरम ने डेब्यू से पहले 3 फर्स्ट क्लास मैच खेले थे। उन्होंने पाकिस्तान के लिए 104 टेस्ट मैच खेले थे। इस मामले में लियोन ने अपने देश के शेन वॉर्न और वेस्टइंडीज के पूर्व दिग्गज कप्तान क्लाइव लॉयड का रिकॉर्ड तोड़ दिया। लॉयड ने डेब्यू से पहले 7 फर्स्ट क्लास मैच खेले थे। उन्होने 110 टेस्ट में वेस्टइंडीज का प्रतिनिधित्व किया था। वॉर्न ने भी 7 फर्स्ट क्लास मैच खेले थे। उन्होंने कंगारू टीम के लिए 145 टेस्ट खेले।