रणजी ट्रॉफी 2025-26 का दूसरा राउंड शुरू होने से पहले मुंबई को बड़ा झटका लगा है। मुंबई के अनुभवी बल्लेबाज अजिंक्य रहाणे ने मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन (MCA) को बताया है कि वह ‘निजी कारणों’ से रेड-बॉल सीजन के बाकी मैचों में हिस्सा नहीं लेंगे। मुंबई अपने बाकी बचे दो रणजी ट्रॉफी मैचों में से पहला मैच 22-25 जनवरी तक हैदराबाद के खिलाफ घर से बाहर खेलेगी। इस बाद वह अपने घरेलू मैदान पर लौटकर 29 जनवरी से 1 फरवरी तक MCA-BKC ग्राउंड पर दिल्ली के खिलाफ अपना आखिरी लीग मैच खेलेगी।
हैदराबाद मैच के लिए मुंबई टीम का चयन 17 जनवरी को होना है। एमसीए के एक सूत्र ने द इंडियन एक्सप्रेस को बताया, “हम लीग गेम के दूसरे स्टेज के लिए मुंबई टीम का चयन करेंगे, रहाणे इसमें हिस्सा नहीं लेंगे क्योंकि उन्होंने एमसीए को बताया है कि वह बाकी बचे दो रेड बॉल मैच के लिए उपलब्ध नहीं रहेंगे।”
रहाणे सिर्फ एक शतक लगा पाए
प्रथम श्रेणी क्रिकेट में 14 हजार से ज्यादा रन बना चुके 37 साल के रहाणे पिछले दो सीजन से मुंबई के लिए खेल रहे हैं। वह जुलाई 2023 में भारत के लिए आखिरी बार खेले थे। वह आईपीएल फ्रेंचाइजी कोलकाता नाइट राइडर्स का हिस्सा हैं और आने वाले सीजन में बतौर कप्तान खेलेंगे। रहाणे का यह रणजी सीजन औसत रहा है। उन्होंने अब तक चार रणजी ट्रॉफी मैचों में सिर्फ एक शतक बनाया है।
रहाणे ने छोड़ी कप्तानी
मौजूदा सीजन से पहले की रहाणे ने मुंबई क्रिकेट टीम के कप्तान का पद छोड़ने का ऐलान किया था। उन्होंने सोशल मीडिया पर अपने फैसले की घोषणा करते हुए लिखा था कि अब इस भूमिका के लिए किसी युवा को तैयार करने का समय आ गया है। शार्दुल ठाकुर ने उनकी जगह राज्य टीम के नए कप्तान का पद संभाला।
रहाणे की कप्तानी में मुंबई ने 2023-24 का रणजी ट्रॉफी खिताब जीता
मुंबई ने 2023-24 का रणजी ट्रॉफी खिताब जीता। इससे सात साल का सूखा खत्म हुआ, साथ ही उनकी कप्तानी में मुंबई ने 2024-25 का ईरानी कप भी जीता। रहाणे ने कहा था कि कप्तानी छोड़ने के बाद भी वह एक खिलाड़ी के तौर पर मुंबई क्रिकेट की सेवा करते रहेंगे। मुंबई ग्रुप डी पॉइंट्स टेबल में पांच मैचों में तीन जीत और दो ड्रॉ के साथ 24 पॉइंट्स लेकर टॉप पर है और अब लीग फेज के आखिरी दो मैच खेलेगी।
