महेंद्र सिंह धोनी के शांत स्वभाव के बारे में पूरी दुनिया जानती है। वे टीम इंडिया के सबसे विनम्र और शांत खिलाड़ी माने जाते हैं। धोनी की एक आदत के बारे में पूर्व कप्तान सुनील गावस्कर ने खुलासा किया है। इस बारे में मीडिया में बहुत कम ही छपा या सुना गया है। दरअसल, घरेलू मुकाबलों में टीम इंडिया जिस फ्लाइट में जाती है उसका बिजनेस क्लास टीम के कप्तान और पिछले मैच में बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ी के लिए होता है। धोनी अपनी कप्तानी में बहुत कम ही बार बिजनेस क्लास में बैठे हैं।

गावस्कर ने एक अंग्रेजी अखबार में लिखा, ‘‘भारतीय टीम में अपने खिलाड़ियों को विशेष रूप से घरेलू मैचों में पुरस्कृत करने की एक सुंदर प्रणाली है। जैसा कि अधिकांश भारतीय क्रिकेट फैंस को पता है कि टीम इंडिया घरेलू सत्र के दौरान एक विशेष चार्टर्ड फ्लाइट में एक स्थान से दूसरे स्थान तक जाती है। दूसरी टीम को भी यह सुविधा मिलती है। इसके बावजूद धोनी तो धोनी हैं। वे बहुत कम ही बार बिजनेस क्लास में बैठकर जाते हैं।’’

गावस्कर ने आगे लिखा, ‘‘फ्लाइट में टीवी से जुड़े टेक्निकल लोग का भी दल होता है, जिन्हें अगले मैच को कवर करना होता है। बिजनेस क्लास में सीमित सीटें होती हैं। यह टीमों के कप्तान, कोच और मैनेजर को दिया जाता है। साथ ही वैसे खिलाड़ियों को भी बिठाया जाता है जिन्होंने पिछले मैच में बेहतर प्रदर्शन किया हो। धोनी अपनी कप्तानी में शायद ही कभी बिजनेस क्लास में बैठे। साल 2011 वर्ल्ड कप में धोनी ने टीवी क्रू के साथ बैठना पसंद किया, जो इकॉनमी क्लास में सफर करती है।’’

मौजूदा कप्तान टीम इंडिया की इस अलिखित नियम का पालन करते हैं। 2018 में इंग्लैंड के पूर्व कप्तान माइकल वॉन ने खुलासा किया था कि कोहली और उनकी पत्नी अनुष्का शर्मा ने बिजनेस क्लास की सीटों को अपनी टीम को तेज गेंदबाजों को दे दिया था। तब टीम इंडिया ऑस्ट्रेलिया में पहली बार टेस्ट सीरीज जीती थी। उसने मेजबान टीम को 4 टेस्ट की सीरीज में 2-1 से हराया था।