पूर्व भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धोनी और साक्षी रावत की शादी के 10 साल पूरे हो गए। शादी करने के बाद धोनी ने दो बड़ी उपलब्धियों को हासिल किया। उनकी कप्तानी में टीम इंडिया 2011 में वर्ल्ड कप जीती थी। इसके बाद उनके नेतृत्व में इंग्लैंड के मैदान पर चैंपियंस ट्रॉफी पर कब्जाया जमाया था। साक्षी हमेशा मानती हैं कि उन्होंने धोनी के कारण इस दुनिया को देखा है। ग्रेजुएशन होने के बाद ही उन्होंने शादी कर ली थी।
साक्षी ने चेन्नई सुपरकिंग्स को दिए गए इंटरव्यू में कहा था, ‘‘यह एक अच्छा सफर रहा है। मैंने माही की वजह से सबकुछ देख लिया। उससे पहले मैं कॉलेज में थी। बैचलर के बाद शादी हो गई। उनके साथ मैंने सबकुछ सीखा और दुनिया देखा। धोनी को पद्म भूषण, लेफ्टिनेंट कर्नल की मानद उपाधि मिलना और वर्ल्ड कप 2011 जीत उनके साथ मेरे लिए बेस्ट मोमेंट रही।’’ धोनी को 2018 में पद्म भूषण से सम्मानित किया गया था। इसके बाद नवंबर 2011 में लेफ्टिनेंट कर्नल की मानद उपाधि मिली थी।
साक्षी को धोनी के लंबे बाल भी पसंद नहीं थे। धोनी ने एक बार अपने बाल को गुलाबी करवा लिया था। उसे साक्षी सबसे खराब मानती हैं। उन्होंने कहा था, ‘‘भाग्य से मैंने उन्हें लंबे बालों में नहीं देखा। अगर मैं उन्हें लंबे में देख लेती तो शादी नहीं करती। भगवान का शुक्रिया करती हूं कि मैं उनसे छोटे बालों में मिली। मैं धोनी के बारे में ज्यादा नहीं जानती थी। मैं सचिन तेंदुलकर, राहुल द्रविड़, वीवीएस लक्ष्मण के बारे में जानती थी। मुझे ये पता था कि एक पहाड़ी आदमी है जिसके लंबे बाल हैं। जब धोनी से मिली थी तो उनके बाल छोटे थे।’’
धोनी के लंबे बालों के फैन पाकिस्तान के पूर्व राष्ट्रपति परवेज मुशर्रफ थे। जब माही पाकिस्तान दौरे पर गए थे तब मुशर्रफ ने उनकी तारीफ भी की थी। धोनी पिछले एक साल से अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से दूर हैं। उन्होंने पिछले साल वर्ल्ड कप में न्यूजीलैंड के खिलाफ सेमीफाइनल मैच खेला था। इसके बाद वे पेशेवर क्रिकेट में नहीं उतरे। माही आईपीएल के 13वें सीजन से वापसी करने वाली थे, लेकिन कोरोनावायरस के कारण टूर्नामेंट को अनिश्चितकाल के लिए टाल दिया गया है।