टीम इंडिया के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी 7 जुलाई को 39 साल के हो गए। माही पिछले एक साल से पेशेवर क्रिकेट से दूर हैं। उन्होंने वर्ल्ड कप के बाद अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से ब्रेक ले लिया था। इसके बाद वे आईपीएल से वापसी करने वाले थे, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। कोरोनावायरस के कारण आईपीएल के 13वें सीजन को अनिश्चितकाल के लिए टाल दिया गया। धोनी के जन्मदिन पर उनका एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसमें वे बॉलीवुड अभिनेता शाहरुख खान के साथ डांस कर रहे हैं।

दरअसल, माही का जो वीडियो वायरल हो रहा है वह काफी पुराना है। तब माही क्रिकेट में नए-नए थे। धोनी के साथ युवराज सिंह, रॉबिन उथप्पा और टीम इंडिया के कई खिलाड़ी कार्यक्रम में मौजूद थे। उनके अलावा पाकिस्तान की टीम भी वहां मौजूद थी। शाहिद अफरीदी, शोएब अख्तर, शोएब मलिक और उमर गुल भी थे। शाहरुख ने पहले तो दीपिका पादुकोण को लेकर धोनी और युवराज सिंह की खिंचाई की। शाहरुख ने धोनी को स्टेज पर बुलाकर कहा- जब आप छोटे थे तब क्या बनना चाहते थे?

धोनी ने मजाकिया अंदाज में जवाब दिया और कहा, ‘‘मैं बड़ा होकर बड़ा ही बनना चाहता था। फिर भी एक इंच छोटा रह गया।’’ इसके बाद शाहरुख ने कहा, ‘‘मेरे साथ एक हिरोइन है दीपिक पादुकोण, शायद तुम उनको नहीं जानते होगे।’’ इस पर माही ने कहा कि युवराज जानते हैं। फिर शाहरुख ने कहा, ‘‘दीपिक सेट पर आंखों मे तेरी सांग की जगह माही वे..सांग गाती थी।’’ युवराज और दीपिका के अफेयर की खबरें मीडिया में आई थीं।

किंग खान ने फिर धोनी को फिल्म में काम करने का ऑफर दे दिया था। शाहरुख ने फिर धोनी को डांस करने के लिए कहा। उन्होंने अपनी फिल्म ‘डॉन’ के टाइटल ट्रैक पर धोनी को डांस करने के लिए कहा। माही के हाथ में दो नकली बंदूक भी दिए। धोनी ने फिर शाहरुख के साथ डांस किया। उन्हें डांस करना और गाना गाना पसंद है। धोनी कई बार टीम बस में और पार्टी में गाना गाते नजर आए हैं। धोनी की कप्तानी में भारतीय टीम 2007 में टी20 वर्ल्ड कप, 2011 में वनडे वर्ल्ड कप और 2013 में चैंपियंस ट्रॉफी जीती थी।