चेन्नई सुपरकिंग्स के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी का जन्मदिन अगले महीने की 7 तारीख को है। टीम इंडिया के पूर्व कप्तान बर्थडे को स्पेशल बनाने के लिए फैंस ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। उन्हीं में से एक धोनी के साथ चेन्नई की टीम में खेलने वाले ड्वेन ब्रावो। वेस्टइंडीज के पूर्व कप्तान ब्रावो ने माही के लिए एक स्पेशल सांग बनाया है। इसका टीजर उन्होंने इंस्टाग्राम पर सोमवार यानी 29 जून को इंस्टाग्राम पर रिलीज कर दिया। इस वीडियो को अब तक 2 लाख से ज्यादा बार देखा जा चुका है।

ब्रावो ने इस वीडियो को शेयर करते हुए लिखा, ‘‘क्या आप सात जुलाई के लिए तैयार हैं। हम इस दिन माही का जन्मदिन खास स्टाइल और स्पेशल गाने के साथ मनाने जा रहे हैं।’’ ब्रावो के इस वीडियो को उनके साथ चेन्नई की टीम में खेलने वाले सुरेश रैना और दिल्ली कैपिटल्स के लिए खेलने वाले टीम इंडिया के ओपनर शिखर धवन ने भी लाइक किया है। इतना ही नहीं उनका यह वीडियो चेन्नई सुपरकिंग्स को भी पसंद आया है। टीम के आधिकारिक अकाउंट से वीडियो को लाइक किया गया है।


ब्रावो ने इसके साथ ही फैंस से हेलिकॉप्टर डांस के लिए वीडियो मांगे थे। उन्होंने कहा था कि वे बेस्ट डांस वीडियो को शेयर करेंगे। ब्रावो ने अपना वादा पूरा करते हुए सचिन खैरनर नाम के युवक के वीडियो को भी शेयर किया। सचिन ने धोनी की तरह डांस फॉर्म में हेलिकॉप्टर शॉट लगाने का प्रयास किया। इसे ब्रावो के इंस्टाग्राम अकाउंट पर 33 हजार से ज्यादा लोग पसंद कर चुके हैं। उनमें भी सुरेश रैन और शिखर धवन शामिल हैं।


ब्रावो ने टीजर में गाने के बोल भी शेयर किए हैं। यह सॉन्ग है- ‘‘एमएस धोनी, नंबर 7 ऑल ऑफ रांची शाउटिंग धोनी… ऑल ऑफ इंडिया शाउटिंग माही… ऑल ऑफ चेन्नै शाउटिंग थाला….. एमएस धोनी इज ए वर्ल्ड बीटर….।’’ इस गाने में धोनी के पूरे करियर के बारे में वेस्टइंडीज के ऑलराउंडर ने बताया है। 2007 टी20 वर्ल्ड कप जीत, 2011 वर्ल्ड कप जीत और 2013 चैंपियंस ट्रॉफी जीत की भी चर्चा है। धोनी पिछले एक साल से पेशेवर क्रिकेट से दूर हैं। वे आईपीएल से वापसी करने वाले थे, लेकिन कोरोना वायरस के कारण टूर्नामेंट को अनिश्चितकाल के लिए टाल दिया गया है।