मुंबई इंडियंस के विस्फोटक बल्लेबाज कीरोन पोलार्ड अपनी तूफानी बल्लेबाजी के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अपनी विस्फोटक पारी से मुंबई को कई मैच जिताए हैं। पोलार्ड ने इस आईपीएल 2021 के नौवें मैच में सीजन का सबसे लंबा छक्का मारा। उन्होंने सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ शनिवार (17 अप्रैल) को चेन्नई के एम चिदंबरम स्टेडियम में 105 मीटर लंबा छक्का मारा। सीजन में सबसे लंबे छक्के के मामले में उन्होंने आरसीबी के ग्लेन मैक्सवेल को पीछे छोड़ दिया।
मुंबई की टीम पहले बल्लेबाजी करते हुए 16 ओवर में 3 विकेट पर 107 रन बनाकर जूझ रही थी। हैदराबाद के कप्तान डेविड वॉर्नर ने 17वें ओवर के लिए अफगानिस्तान के मुजीब उर रहमान को बुलाया। यह इस सीजन में उनका पहला मैच है। वे क्विंटन डीकॉक का विकेट ले चुके थे। ओवर की पहली ही गेंद पर पोलार्ड ने उनका धमाकेदार स्वागत किया। मुजीब की शॉर्ट पिच गेंद को पोलार्ड ने मिड विकेट की दिशा में लंबा छक्का लगाया। पोलार्ड से पहले मैक्सवेल ने 100 मीटर लंबा छक्का मुंबई के खिलाफ लगाया था।
Kieron Pollard #MIvsSRHpic.twitter.com/sYg64KUv9G
— COLONEL (@CloudyCric) April 17, 2021
इस टूर्नामेंट में सबसे लंबे छक्कों की बात करें तो पोलार्ड और मैक्सवेल के बाद तीसरे नंबर पर मुंबई के बल्लेबाज सूर्यकुमार यादव हैं। उन्होंने कोलकाता नाइटराइडर्स के खिलाफ 99 मीटर लंबा छक्का लगाया था। वहीं, सनराइजर्स हैदराबाद के मनीष पांडे ने रॉयल चैलेंजर्स बंगलौर (आरसीबी) के खिलाफ 96 मीटर लंबा छक्का लगाया था। पोलार्ड ने अपनी पारी में तीन छक्के लगाए। वे 22 गेंद पर 35 रन बनाकर नाबाद हैं।
इंडियन वेटलिफ्टर ने बनाया वर्ल्ड रिकॉर्ड, टोक्यो ओलंपिक का टिकट भी कटाया
मुंबई ने हैदराबाद को 151 रन का लक्ष्य दिया। उसने 20 ओवर में 5 विकेट पर 150 रन बनाए। पोलार्ड के अलावा मुंबई के लिए क्विंटन डीकॉक ने 39 गेंद पर 40, रोहित शर्मा ने 25 गेंद पर 32, इशान किशन ने 12 और सूर्यकुमार यादव ने 10 रन बनाए। हार्दिक पंड्या लगातार तीसरे मैच में 20 रन के आंकड़े तक नहीं पहुंच सके। वे 5 गेंद पर 7 रन बनाकर आउट हो गए। इससे पहले आरसीबी के खिलाफ 13 और कोलकाता नाइटराइडर्स के खिलाफ 17 रन बनाकर आउट हुए थे।