ऋतुराज गायकवाड़ के चोटिल होने के बाग इंडियन प्रीमियर लीग 2025 (IPL 2025) में चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) की कमान महेंद्र सिंह धोनी के हाथों में होगी। कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के खिलाफ शुक्रवार (11 अप्रैल) को मैच में वह 5 बार के चैंपियंस की कमान संभालते दिखेंगे। इस मैच से पहले चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) ने प्रैक्टिस सेशन का मजेदार वीडियो एक्स पर शेयर किया है।
इस वीडियो में कोलकाता नाइट राइडर्स के मेंटर ड्वेन ब्रावो को चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाड़ियों से मिलने आते देखा जा सकता है। इस दौरान धोनी बैटिंग प्रैक्टिस कर रहे होते हैं। वह अपनी ओर आते देख ब्रावो को मजाक में गद्दार कहते हैं। गौरतलब है कि ब्रावो बतौर खिलाड़ी और कोच चेन्नई सुपर किंग्स का लंबे समय तक हिस्सा रहे। वह चेन्नई सुपर किंग्स के सबसे सफल गेंदबाज हैं। संन्यास के बाद पिछले सीजन तक कोच रहे।
ब्रावो-धोनी के बीच हंसी-मजाक
इसके बाद ब्रावो की मुलाकात रविंद्र जडेजा से होती है। दोनों एक दूसरे के गले मिलते हैं। नीचे पूरा वीडियो देख सकते हैं। ब्रावो इसके बाद धोनी के बल्लेबाजी नेट के करीब पहुंचे। इसके बाद दोनों के बीच हंसी-मजाक शुरू हो गया। केकेआर के खिलाफ मैच से पहले सीएसके के मुख्य कोच स्टीफन फ्लेमिंग ने जानकारी दी कि ऋतुराज गायकवाड़ टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं।
ऋतुराज गायकवाड़ डगआउट में बने रहेंगे
राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ मैच के दौरान गायकवाड़ की कोहनी में चोट लग गई थी। गायकवाड़ ने इसके बाद दिल्ली कैपिटल्स और पंजाब किंग्स के खिलाफ मैच खेले। हालांकि, फ्लेमिंग ने बताया कि बाद के स्कैन में फ्रैक्चर की पुष्टि हुई है। फ्लेमिंग ने कहा कि एक ‘अनकैप्ड खिलाड़ी’ आईपीएल के शेष मैचों में फ्रैंचाइजी का नेतृत्व करेंगे। हालांकि, ऋतुराज गायकवाड़ डगआउट में बने रहेंगे। सीएसके वर्तमान में 5 मैचों में 2 अंकों के साथ अंक तालिका में नौवें स्थान पर है। दूसरी ओर केकेआर 5 मैचों में 4 अंकों के साथ छठे स्थान पर है। धोनी 683 दिन बाद संभालेंगे CSK की कमान, जानें 40 के बाद कौन-कौन कर चुका है IPL में कप्तानी