इंडियन प्रीमियर लीग (Indian Premier League) 2021 के दूसरे चरण में हिस्सा लेने के लिए इशांत शर्मा पत्नी प्रतिमा सिंह समेत संयुक्त अरब अमीरात (United Arab Emirates) पहुंच चुके हैं। इशांत और उनकी पत्नी दुबई में हैं। इस दौरान प्रतिमा सिंह को दुबई में दो बुर्ज खलीफा दिखे। चौंक गए न, लेकिन यह 100% सही है। इस बात की जानकारी प्रतिमा ने खुद अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी में दी है।

प्रतिमा सिंह ने इंस्टाग्राम स्टोरी में एक वीडियो क्लिप पोस्ट की है। इस वीडियो क्लिप में इशांत शर्मा अपने होटल रूम में वर्कआउट करते दिख रहे हैं। वह अपने दोनों हाथों और पैरों की मदद से एक्सरसाइज कर रहे हैं। बैकग्राउंड में 2020 में रिलीज हुई अक्षय कुमार (Akshay Kumar) की फिल्म लक्ष्मी बम (Laxmmi Bomb) का गाना ‘जी करदा दिला दूं तैनू बुर्ज खलीफा, तैनू बुर्ज खलीफा हो, तैनू बुर्जखलीफा’ बज रहा है। प्रतिमा ने इस क्लिप पर इशांत शर्मा को टैग करते हुए लिखा, ‘दुबई में दो बुर्ज खलीफा।’

इशांत शर्मा ने भी पत्नी के कमेंट पर जवाब देने में देर नहीं लगाई। उन्होंने भी इंस्टाग्राम पर उसी वीडियो को अपनी स्टोरी बनाया। हालांकि, उन्होंने जो कैप्शन लिखा उसे पढ़कर आप हंसे बिना नहीं रह पाएंगे। इशांत ने पत्नी प्रतिमा सिंह को टैग करते हुए लिखा, ‘लेकिन ये वाला कभी कभी एक्सरसाइज करते करते हिल जाता है।’ उन्होंने हंसने वाली दो इमोजी भी पोस्ट कीं। पति के इस कमेंट पर प्रतिमा भी रिएक्शन देने से नहीं चूकीं। उन्होंने इशांत के कमेंट के नीचे हंसते हुए गर्ल वाली GIF पोस्ट की।

मूल रूप से बनारस की रहने वाली 5 फीट 9 इंच लंबी प्रतिमा सिंह बॉस्केटबॉल की शानदार खिलाड़ी रह चुकी हैं। वह एशियाई खेलों समेत विभिन्न इंटरनेशनल इवेंट्स में भारतीय बास्केटबॉल टीम का प्रतिनिधित्व कर चुकी हैं। प्रतिमा भारतीय महिला बास्केटबॉल टीम की कप्तान भी रह चुकी हैं। देश के बास्केटबॉल जगत में ‘सिंह बहनों’ के नाम से मशहूर प्रतिमा पांच बहनों में सबसे छोटी हैं।

उनकी बड़ी बहनें दिव्या, प्रशांती, आकांक्षा और प्रियंका भी बास्केटबॉल खिलाड़ी रह चुकी हैं। वे भी नेशनल लेवल पर खेल चुकी हैं। प्रशांती सिंह और आकांक्षा सिंह तो भारत के लिए भी खेल चुकी हैं। बनारस में उनके परिवार को ‘भारत की बास्केटबॉल फैमिली’ कहा जाता है।

प्रतिमा सोशल मीडिया पर भी काफी एक्टिव रहती हैं और इंडियन टीम के क्रिकेटर्स की पोस्ट पर कमेंट भी करती रहती हैं। पिछले साल अप्रैल में उन्होंने टीम इंडिया के भरोसेमंद खिलाड़ियों में से एक केएल राहुल को सोशल मीडिया के जरिए बॉस्केटबॉल खेलने का चैलेंज दे डाला था।