कोरोनावायरस के कारण देश में लॉकडाउन 3 मई तक बढ़ा दिया गया है। इसी कारण आईपीएल 2020 को अनिश्चितकाल के लिए बढ़ा दिया गया है। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने गुरुवार यानी 16 अप्रैल को इसकी आधिकारिक ऐलान किया। बीसीसीआई को उम्मीद है कि इस साल ऑस्ट्रेलिया में होने वाले टी20 वर्ल्ड कप से पहले वह इस टूर्नामेंट को कराने का रास्ता निकाल सकता है। ऐसे में फैंस को ज्यादा निराश होने की जरूरत नहीं है। आइए हम आपको आईपीएल के ऐसे रिकॉर्ड के बारे में बताएंगे जिस पर शायद ही विश्वास हो।

यह रिकॉर्ड रोहित शर्मा, मनीष पांडे और गौतम गंभीर से जुड़ा हुआ है। शुरुआत मनीष पांडे से करते हैं। मनीष पांडे इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में शतक लगाने वाले पहले भारतीय हैं। मनीष पांडे 2009 में रॉयल चैलेंजर्स बंगलौर का हिस्सा थे। उन्होंने डेक्कन चार्जर्स के खिलाफ मैच में 114 रन की पारी खेली थी। हालांकि, 2012 और 2013 का सीजन उनके लिए काफी खराब रहा। 2012 में वह कुल 143 और 2013 में 136 रन ही बना पाए। आईपीएल 2012 में वे चार मैच में शून्य पर आउट हुए थे।

गौतम गंभीर ने अपनी कप्तानी में कोलकाता नाइटराइटर्स को 2-2 बार (2012 और 2014) चैंपियन बनाया। हालांकि, यह कम लोग ही जानते होंगे कि वे 2014 के सीजन में लगातार तीन मैचों में शून्य पर आउट हुए थे। 2018 का सीजन उनके लिए बहुत खराब रहा। वे 6 मैचों में कुल 85 रन ही बना पाए। इसी कारण उन्होंने दिल्ली कैपिटल्स की कप्तानी से इस्तीफा भी दे दिया था।

रोहित शर्मा 5 बार आईपीएल जीतने वाले इकलौते क्रिकेटर हैं। आईपीएल के हर सीजन में फैंस को उनके बल्ले का जलवा देखने को मिलता है। हालांकि, 2018 का सीजन उनके लिए भी खास नहीं रहा था। आईपीएल 2018 इकलौता सीजन रहा, जिसमें रोहित शर्मा 300 से कम रन बना पाए। आईपीएल 2018 में उन्होंने कुल 286 रन ही बनाए थे।

रोहित 2018 में तीन मौकों पर गोल्डन डक पर आउट हुए। इसमें दो बार विपक्षी टीम राजस्थान रॉयल्स थी। यानी ये तीनों बल्लेबाज आईपीएल में अब तक 12-12 शून्य पर आउट हो चुके हैं। तीनों आईपीएल में सबसे ज्यादा बार शून्य पर आउट होने के मामले में संयुक्त रूप से दूसरे नंबर पर हैं। इस मामले में टॉप पर हरभजन सिंह और पार्थिव पटेल हैं। दोनों 13-13 बार शून्य पर आउट हो चुके हैं।