इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2022 के 7वें मैच में चेन्नई सुपर किंग्स ने लखनऊ सुपर जायंट्स को 211 रन का लक्ष्य दिया। उसने 20 ओवर में 7 विकेट पर 210 रन बनाए। उसे इस स्कोर तक पहुंचाने में जहां रॉबिन उथप्पा ने बढ़िया नींव रखी। वहीं, एमएस धोनी ने शानदार इमारत खड़ी की। उथप्पा ने मैच की पहली ही गेंद पर चौका जड़कर अपना और टीम का खाता खोला था। धोनी ने मैच की आखिरी गेंद पर चौका जड़कर चेन्नई का स्कोर 210 तक पहुंचाया।

खास यह रहा कि मुंबई के ब्रेबोर्न स्टेडियम में खेले गए इस मैच में चेन्नई की पारी के दौरान एक समय रॉबिन उथप्पा ने एमएस धोनी का रिकॉर्ड तोड़ा। हालांकि, 11 ओवर के भीतर ही धोनी ने उथप्पा को फिर पीछे छोड़ दिया। रॉबिन उथप्पा ने 25 गेंद में पचासा ठोका। उथप्पा 27 गेंद में 50 रन बनाकर आउट हुए। उन्होंने अपनी पारी के दौरान 8 चौके और एक छक्के लगाए।

उथप्पा 8वें ओवर की तीसरी गेंद पर जब पवेलियन लौटे तब तक आईपीएल में उनके नाम 4800 रन हो चुके थे। वहीं, उस समय तक धोनी के खाते में 4796 रन ही थे। शिवम दूबे 19वें ओवर की दूसरी गेंद पर आउट हुए। उनकी जगह महेंद्र सिंह धोनी क्रीज पर आए। उन्होंने अपनी पहली ही गेंद पर छक्का जड़ दिया। इसके साथ ही उनके आईपीएल में 4802 रन हो गए और उन्होंने उथप्पा ने फिर पीछे छोड़ दिया।

एमएस धोनी का आईपीएल में यह 222वां मैच है। उन्होंने आईपीएल में अब तक 40.10 के औसत से 4812 रन बनाए हैं। एमएस धोनी टी20 क्रिकेट में सात हजार रन बनाने वाले छठे भारतीय हैं। उनसे पहले विराट कोहली, रोहित शर्मा, शिखर धवन, सुरेश रैना और रॉबिन उथप्पा यह उपलब्धि हासिल कर चुके हैं।

धोनी ने 349 टी20 मुकाबलों में 7001 रन बनाए हैं। उथप्पा के 281 मैच में 7120 रन हैं। उथप्पा ने आईपीएल में अब तक 195 मैच में 28.07 के औसत से 4800 रन बनाए हैं। उथप्पा ने आईपीएल में अब तक 26 अर्धशतक लगाए हैं। उन्होंने 26वां अर्धशतक लगाते ही शिखर धवन और विराट कोहली के रिकॉर्ड की बराबरी भी की।

रॉबिन उथप्पा आईपीएल में सबसे ज्यादा टीमों के खिलाफ 50 या उससे ज्यादा रन बनाने के मामले में संयुक्त रूप से दूसरे नंबर पर पहुंच गए। उन्होंने आईपीएल में 11वीं टीम के खिलाफ अर्धशतकीय पारी खेली। उनके अलावा विराट कोहली, एबी डिविलियर्स और शिखर धवन भी 11 टीमों के खिलाफ अर्धशतकीय पारियां खेल चुके हैं। इस मामले में गौतम गंभीर पहले नंबर पर हैं। उन्होंने आईपीएल में 12 टीमों के खिलाफ अर्धशतकीय पारियां खेली हैं।