IPL 2022 Auction: इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) मेगा ऑक्शन 2022 के पहले दिन फ्रैंचाइंजीस ने जमकर पैसा लुटाया। दस फ्रैंचाइजीस ने कुल 3,88,10,00,000 रुपए (3.88 अरब रुपए) खर्च किए। पहले दिन 10 खिलाड़ी 10 करोड़ या उससे ज्यादा की राशि में बिके। इसमें 7 खिलाड़ी भारतीय रहे। इनमें से 5 भारतीय खिलाड़ियों (इशान किशन, श्रेयस अय्यर, दीपक चाहर, शार्दुल ठाकुर और हर्षल पटेल) पर इंडियन प्रीमियर लीग (Indian Premier League) की टीमों ने 63 करोड़ रुपए खर्च किए।

इशान किशन को मुंबई इंडियंस ने 15.25 करोड़ रुपए में खरीदा। इशान पहले भी मुंबई इंडियंस का हिस्सा थे। दीपक चाहर को चेन्नई सुपरकिंग्स ने 14 करोड़ रुपए में खरीदा। दीपक चाहर भी पहले चेन्नई सुपरकिंग्स का हिस्सा थे। श्रेयस अय्यर को शाहरुख खान और जूही चावला के सह-मालिकाना हक वाली कोलकाता नाइटराइडर्स (केकेआर) ने 12.25 करोड़ रुपए में खरीदा।

श्रेयस अय्यर पहले दिल्ली कैपिटल्स का हिस्सा थे। शार्दुल ठाकुर को दिल्की कैपिटल्स ने 10.75 करोड़ रुपए में खरीदा। शार्दुल ठाकुर 2018 से 2021 तक चेन्नई सुपरकिंग्स का हिस्सा रहे थे। हर्षल पटेल को रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर ने 10.75 करोड़ रुपए खरीदा। हर्षल पटेल पिछले सीजन भी रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (आरसीबी) का हिस्सा थे। आइए एक नजर इन खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर डालते हैं।

इशान किशन: इशान किशन ने आईपीएल में अब तक 61 मैच खेले हैं। इसमें उन्होंने 28.47 के औसत और 136.33 के स्ट्राइक रेट से 1452 रन बनाए हैं। इशान ने भारत के लिए अब तक टेस्ट में डेब्यू नहीं किया है, लेकिन 3 वनडे इंटरनेशनल और 5 टी20 इंटरनेशनल मैच खेले हैं। उनके वनडे में 29.33 के औसत से 88 और 28.25 के औसत से 113 रन हैं।

श्रेयस अय्यर: श्रेयस अय्यर ने आईपीएल में अब तक 87 मैच खेले हैं। इसमें उन्होंने 31.66 के औसत और 123.95 के स्ट्राइक रेट से 2375 रन बनाए हैं। श्रेयस ने भारत के लिए अब तक 2 टेस्ट, 26 वनडे इंटरनेशनल और 32 टी20 इंटरनेशनल मैच खेले हैं। उनके टेस्ट में 50.50 के औसत से 202, वनडे में 41.17 के औसत से 947 और 27.61 के औसत से 580 रन हैं।

शार्दुल ठाकुर: शार्दुल ठाकुर ने आईपीएल में अब तक 61 मैच खेले हैं। इसमें उन्होंने 27.86 के औसत से 67 विकेट लिए हैं। उन्हें बल्लेबाजी में ज्यादा मौके नहीं मिले। इस कारण उनके खाते में सिर्फ 112.76 के स्ट्राइक रेट से 53 रन हैं। शार्दुल ने भारत के लिए अब तक 7 टेस्ट, 19 वनडे इंटरनेशनल और 24 टी20 इंटरनेशनल मैच खेले हैं। इसमें उन्होंने क्रमशः 26, 25 और 31 विकेट लिए हैं। वह टेस्ट में 22.63 के औसत से 249, वनडे में 34.16 के औसत से 205 और टी20 इंटरनेशनल में 23.00 के औसत से 69 रन भी बना चुके हैं।

दीपक चाहर: दीपक चाहर ने आईपीएल में अब तक 63 मैच खेले हैं। इसमें उन्होंने 29.18 के औसत से 59 विकेट लिए हैं। बल्लेबाजी में उन्होंने 11.28 के औसत और 1368.53 के स्ट्राइक रेट से 79 रन बनाए हैं। दीपक चाहर ने भारत के लिए अब तक 7 वनडे इंटरनेशनल और 17 टी20 इंटरनेशनल मैच खेले हैं। इसमें उन्होंने क्रमशः 10 और 23 विकेट लिए हैं। वह वनडे में 59.66 के औसत से 179 और टी20 इंटरनेशनल में 69 रन भी बना चुके हैं।

हर्षल पटेल: हर्षल पटेल ने आईपीएल में अब तक 63 मैच खेले हैं। इसमें उन्होंने 23.17 के औसत से 78 विकेट लिए हैं। उन्हें बल्लेबाजी में ज्यादा मौके नहीं मिले। इस कारण उनके खाते में सिर्फ 187 रन हैं, जो उन्होंने 134.53 के स्ट्राइक रेट से बनाए हैं। हर्षल पटेल ने अब तक सिर्फ टी20 में ही भारत के लिए 2 मैच खेले हैं। इसमें उन्होंने 12.75 के औसत से 4 विकेट लिए हैं। एक पारी में उन्होंने 11 रन भी बनाए हैं।