इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2022 में अब तक 22 मैच हो चुके हैं। इतने मुकाबलों के बाद राजस्थान रॉयल्स, कोलकाता नाइट राइडर्स, लखनऊ सुपर जायंट्स, गुजरात टाइटंस, रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर, दिल्ली कैपिटल्स और पंजाब किंग्स क्रमशः पहले, दूसरे, तीसरे, चौथे, पांचवें, छठे और सातवें नंबर पर हैं। राजस्थान रॉयल्स की कमान संजू सैमसन, लखनऊ सुपर जायंट्स की केएल राहुल, गुजरात टाइटंस की हार्दिक पंड्या, दिल्ली कैपिटल्स की ऋषभ पंत और पंजाब किंग्स की मयंक अग्रवाल के हाथों में है।

बतौर कप्तान केएल राहुल, ऋषभ पंत, संजू सैमसन, हार्दिक पंड्या और मयंक अग्रवाल का प्रदर्शन शानदार रहा है, लेकिन बल्लेबाज के तौर पर वे खास प्रभावित नहीं कर पाए हैं। यह कहना गलत नहीं होगा कि इनकी कप्तानी और स्ट्राइक रेट में 36 का आंकड़ा है।

केएल राहुल आईपीएल 2020 में पहली बार कप्तान बने थे। तब उन्होंने पंजाब किंग्स की कमान संभाली थी। केएल राहुल का आईपीएल 2017, 2018, 2019 में स्ट्राइक रेट क्रमशः 146.49, 158.41 और 135.39 रहा था। कप्तान बनने के बाद आईपीएल 2020 में उनका स्ट्राइक रेट 129.34 का रह गया। हालांकि, आईपीएल 2021 में इसमें सुधार हुआ। आईपीएल 2021 में केएल राहुल ने 138.80 के स्ट्राइक रेट से 626 रन बनाए, लेकिन फिर वह 2017 और 2018 के आसपास भी नहीं पहुंच पाए।

ऋषभ पंत ने आईपीएल 2021 में पहली बार किसी टीम की कमान संभाली। पंत ने आईपीएल 2021 में 128.52 के स्ट्राइक रेट से 419 रन बनाए, जबकि इससे पहले उनका स्ट्राइक रेट कहीं ज्यादा हुआ करता था। ऋषभ पंत ने आईपीएल 2018 में 173.60 के स्ट्राइक रेट से 684 और 2019 में 162.67 के स्ट्राइक रेट से 488 रन बनाए थे। पंत के लिए आईपीएल 2020 खास नहीं रहा था। उस सीजन वह 14 मैच में सिर्फ 343 रन ही बना पाए थे, लेकिन तब भी उनका स्ट्राइक रेट 113.95 का था।

संजू सैमसन ने आईपीएल 2021 में राजस्थान रॉयल्स की कमान संभाली। उस सीजन उन्होंने 136.72 के स्ट्राइक रेट से 484 रन बनाए। इससे पहले उन्होंने आईपीएल 2020 में 158.89 के स्ट्राइक रेट से 375, 2019 में 148.69 के स्ट्राइक रेट से 342 और 2018 में 137.81 के स्ट्राइक रेट से 441 रन बनाए थे।

बतौर फुल टाइम आईपीएल कप्तान मयंक अग्रवाल का यह पहला सीजन है। इस सीजन उन्होंने अब तक 105.00 के स्ट्राइक रेट से सिर्फ 42 रन ही बनाए हैं। इससे पहले उन्होंने आईपीएल 2021 में 140.44 के स्ट्राइक रेट से 441, 2020 में 156.45 के स्ट्राइक रेट से 424, 2019 में 141.88 के स्ट्राइक रेट से 332 और 2018 में 127.66 के स्ट्राइक रेट से 120 रन बनाए थे।

हार्दिक पंड्या का आईपीएल में बतौर कप्तान यह पहला सीजन है। हार्दिक ने आईपीएल में अब तक 96 मैच खेले हैं। इसमें उन्होंने 150.56 के स्ट्राइक रेट से 1617 रन बनाए हैं। इस सीजन उन्होंने अब तक 122.61 के स्ट्राइक रेट से 141 रन बनाए हैं। इससे पहले उन्होंने आईपीएल 2020 में 178.98, 2019 में 191.42 और 2018 में 133.33 के स्ट्राइक रेट से क्रमशः 281, 402 और 260 रन बनाए थे। पिछले सीजन उनका स्ट्राइक रेट सिर्फ 113.39 का रहा था। उस सीजन उन्होंने 14 मैच में सिर्फ 127 रन बनाए थे।