इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2022 से पहले होने वाले मेगा ऑक्शन के लिए मंच तैयार है। आईपीएल प्रबंधन ने नीलामी में शामिल होने वाले 590 खिलाड़ियों की सूची जारी कर दी है। इस बार सबसे ज्यादा बेस प्राइस 2 करोड़ रखा गया है।
आईपीएल के अब तक 14 सीजन हो चुके हैं। यदि उसके पिछले संस्करणों में सबसे महंगे खिलाड़ियों की बात करें तो 14 में से 8 बार विदेशी खिलाड़ियों ने बाजी मारी है। साउथ अफ्रीकी ऑलराउंडर क्रिस मॉरिस (क्रिस्टोफर मॉरिस) आईपीएल इतिहास के सबसे महंगे खिलाड़ी हैं।
मॉरिस आईपीएल 2021 के लिए हुई नीलामी में बतौर ऑलराउंडर 16.25 करोड़ रुपए में बिके थे। उन्हें राजस्थान रॉयल्स ने खरीदा था। हालांकि, आईपीएल में सबसे महंगे भारतीय होने का रिकॉर्ड आज भी युवराज सिंह के नाम कायम है। युवराज सिंह के नाम यह रिकॉर्ड 2015 में लिखा गया था।
तब उन्हें दिल्ली डेयरडेविलल्स (अब दिल्ली कैपिटल्स) ने 16,00,00,000 रुपए में खरीदा था। आईपीएल 2014 के लिए हुई नीलामी में भी युवराज सिंह सबसे ज्यादा कीमत 14 करोड़ रुपए में बिके थे। तब उन्हें रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर ने खरीदा था।
आईपीएल 2021 में क्रिस मॉरिस, 2020 में पैट कमिंस, 2019 में जयदेव उनादकट, 2018 में बेन स्टोक्स, 2017 में बेन स्टोक्स, 2016 में शेन वाटसन, 2015 में युवराज सिंह, 2014 में युवराज सिंह, 2013 में ग्लेन मैक्सवेल, 2012 में रविंद्र जडेजा, 2011 में गौतम गंभीर, 2010 में कीरोन पोलार्ड और जेम्स बांड, 2009 में केविन पीटरसन और 2008 में महेंद्र सिंह धोनी सबसे महंगे बिके थे।
ये हैं आईपीएल में अब तक के हर सीजन के सबसे महंगे खिलाड़ी
साल | टीम | खिलाड़ी | टाइप | कीमत |
2021 | राजस्थान रॉयल्स | क्रिस्टोफर मॉरिस | ऑलराउंडर | 16,25,00,000 रुपए |
2020 | कोलकाता नाइटराइडर्स | पैट कमिंस | ऑलराउंडर | 15,50,00,000 रुपए |
2019 | राजस्थान रॉयल्स | जयदेव उनादकट | गेंदबाज | 8,40,00,000 रुपए |
2018 | राजस्थान रॉयल्स | बेंजामिन स्टोक्स | ऑलराउंडर | 12,50,00,000 रुपए |
2017 | राइजिंग पुणे सुपरजायंट्स | बेंजामिन स्टोक्स | ऑलराउंडर | 14,50,00,000 रुपए |
2016 | रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर | शेन वॉटसन | ऑलराउंडर | 9,50,00,000 रुपए |
2015 | दिल्ली डेयरडेविल्स | युवराज सिंह | बल्लेबाज | 16,00,00,000 रुपए |
2014 | रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर | युवराज सिंह | ऑलराउंडर | 14,00,00,000 रुपए |
2013 | मुंबई इंडियंस | ग्लेन मैक्सवेल | ऑलराउंडर | 1,000,000 अमेरिकी डॉलर (तत्कालीन करीब 5.86 करोड़ रुपए) |
2012 | चेन्नई सुपरकिंग्स | रविंद्र जडेजा | ऑलराउंडर | 2,000,000 अमेरिकी डॉलर (तत्कालीन करीब 10.68 करोड़ रुपए) |
2011 | कोलकाता नाइटराइडर्स | गौतम गंभीर | बल्लेबाज | 2,400,000 अमेरिकी डॉलर (तत्कालीन करीब 11.18 करोड़ रुपए) |
2010 | कोलकाता नाइटराइडर्स | शेन बांड | गेंदबाज | 750,000 डॉलर (तत्कालीन करीब 3.42 करोड़ रुपए) |
2010 | मुंबई इंडियंस | कीरोन पोलार्ड | ऑलराउंडर | 750,000 डॉलर (तत्कालीन करीब 3.42 करोड़ रुपए) |
2009 | रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर | केविन पीटरसन | बल्लेबाज | 1,550,000 अमेरिकी डॉलर (तत्कालीन करीब 7.50 करोड़ रुपए) |
2008 | चेन्नई सुपरकिंग्स | महेंद्र सिंह धोनी | विकेटकीपर बल्लेबाज | 1,500,000 अमेरिकी डॉलर (तत्कालीन करीब 6.52 करोड़ रुपए) |