IPL Mega Auction 2022: आईपीएल 2022 के मेगा ऑक्शन का पहला दिन जारी है और अभी तक कुछ भारतीय बल्लेबाजों के अलावा तेज गेंदबाजों का जलवा देखने को मिला है। पहले दिन कुल 74 खिलाड़ी बिके हैं और 23 अनसोल्ड रहे हैं। आज बिके 74 खिलाड़ियो में से 10 खिलाड़ी 10 करोड़ से ज्यादा की कीमत पर बिके हैं। जिसमें से 7 भारतीय हैं और उन सात में से पांच भारतीय पेसर्स हैं।
भारतीय पेसर्स की बात करें तो चेन्नई सुपर किंग्स ने दीपक चाहर को 14 करोड़, आरसीबी ने हर्षल पटेल को 10.75 करोड़, दिल्ली कैपिटल्स ने शार्दुल ठाकुर को 10.75 करोड़, लखनऊ सुपर जाइंट्स ने आवेश खान को 10 करोड़ और राजस्थान रॉयल्स ने प्रसिद्ध कृष्णा को 10 करोड़ रुपए में खरीदा है। कुल साढ़े 45 करोड़ रुपए में इन चार भारतीय पेसर्स की बोली लगी है।
वहीं 10 करोड़ से ऊपर बिकने वाले खिलाड़ियों में सबसे महंगे हैं भारतीय बल्लेबाज इशान किशन जिन्हें मुंबई इंडियंस ने 15.25 करोड़ रुपए में खरीदा। इसके अलावा श्रेयस अय्यर को केकेआर ने 12.25 रुपए में खरीदा था। न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाज लॉकी फर्ग्युसन, श्रीलंका के वानिंदू हसरंगा और वेस्टइंडीज के निकोलस पूरन अभी तक 10 करोड़ या उससे ज्यादा में बिकने वाले विदेशी खिलाड़ी हैं।
हसरंगा को आरसीबी ने 10.75 करोड़ रुपए में वापस अपनी टीम में शामिल किया था। वहीं नई टीम गुजरात टाइटंस ने कीवी पेसर लॉकी फर्ग्युसन को 10 करोड़ रुपए में खरीदा था। इसके अलावा काव्या मारन की सनराइजर्स हैदराबाद ने 10.75 करोड़ रुपए में निकोलस पूरन को अपनी टीम में शामिल किया था।
भारत के यह युवा तेज गेंदबाज अनुभवी और पुराने तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी, भुवनेश्वर कुमार, जोश हेजलवुड, पैट कमिंस, कगिसो रबाडा, ट्रेंट बोल्ट से भी महंगे बिके हैं। रबाडा को पंजाब किंग्स ने 9.25 करोड़ रुपए में खरीदा था। इसके अलावा पैट कमिंस की केकेआर में वापसी हुई है।
वहीं इशान किशन आज के ऑक्शन में अभी तक सबसे महंगे खिलाड़ी रहे हैं। उन्हें मुंबई इंडियंस ने खरीदा है। साथ ही अंडर-19 वर्ल्ड कप के टॉप स्कोर रहे डेवाल्ड ब्रेविस जिन्हें जूनियर डिविलियर्स कहते हैं वह भी रोहित शर्मा की टीम के साथ 3 करोड़ रुपए में जुड़ गए हैं। इसके अलावा भारतीय ऑलराउंडर वाशिंगटन सुंदर को 8.75 करोड़ में सनराइजर्स हैदराबाद ने अपनी टीम में शामिल किया है।