आईपीएल 2024 का 53वां मुकाबला पंजाब किंग्स और चेन्नई सुपर किंग्स के बीच हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन के धर्मशाला स्टेडियम में खेला जा रहा है। पंजाब ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करने आई सीएसके को शुरुआत में ही बड़े झटके लग गए हैं। दरअसल, चेन्नई ने मैच के दूसरे ही ओवर में रहाणे का विकेट खो दिया था। इसके बाद मिचेल और गायकवाड़ ने कुछ हद तक पारी को संभाला, लेकिन उसके बाद गायकवाड़ और शिवम दुबे एक ही ओवर में पवेलियन लौट गए।

गोल्डन डक का शिकार हुए दुबे

टी20 वर्ल्ड कप 2024 के लिए भारतीय टीम में चुने जाने के बाद शिवम दुबे का यह लगातार दूसरा फ्लॉप था। इससे पहले 1 मई को पंजाब किंग्स के खिलाफ ही शिवम दुबे 1 रन बनाकर आउट हो गए थे और आज दुबे खाता तक नहीं खोल पाए। धर्मशाला में शिवम दुबे गोल्डन डक का शिकार हो गए। उन्हें राहुल चाहर ने पवेलियन भेजने का काम किया। दुबे ने राहुल चाहर की गेंद पर अक्रॉस आउटसाइड ऑफ खेलने का प्रयास किया, लेकिन गेंद उनके बल्ले का किनारा लेकर जितेश शर्मा के हाथों में चली गई।

रहाणे ने भी किया निराश

शिवम दुबे से पहले अजिंक्य रहाणे ने भी आज निराश किया। अब तक इस सीजन में फ्लॉप रहे रहाणे आज भी बल्ले से कुछ खास नहीं कर पाए। गायकवाड़ के साथ पारी की शुरुआत करने आए रहाणे 7 गेंदों में सिर्फ 9 रन बनाकर आउट हो गए। रहाणे का विकेट अर्शदीप सिंह को मिला। अजिंक्य रहाणे पिछले मैच में भी पंजाब के खिलाफ ही 29 रन की पारी खेलकर आउट हुए थे। अब तक रहाणे इस सीजन में एक भी अर्धशतक नहीं लगा पाए हैं। 45 रन उनका सर्वोच्च स्कोर है जो उन्होंने 31 मार्च को दिल्ली के खिलाफ बनाया था।

पंजाब किंग्स और सीएसके की प्लेइंग इलेवन

पंजाब किंग्स: जॉनी बेयरस्टो, रिले रोसौव, शशांक सिंह, सैम करन (कप्तान), जितेश शर्मा (विकेटकीपर), आशुतोष शर्मा, हरप्रीत बराड़, हर्षल पटेल, राहुल चाहर, कगिसो रबाडा, अर्शदीप सिंह।

सीएसके: अजिंक्य रहाणे, ऋतुराज गायकवाड़ (कप्तान), डैरिल मिचेल, शिवम दुबे, मोइन अली, रविंद्र जडेजा, एमएस धोनी (विकेटकीपर), मिचेल सैंटनर, शार्दुल ठाकुर, रिचर्ड ग्लीसन, तुषार देशपांडे।

इम्पैक्ट प्लेयर: समीर रिज़वी, सिमरजीत सिंह, शेख रशीद, मुकेश चौधरी, प्रशांत सोलंकी।EditDelete