RCB VS LSG: रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर को मंगलवार को लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा। बेंगलुरु में खेले गए इस मैच में आरसीबी ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 212 रन बनाए। हालांकि लखनऊ सुपर जायंट्स ने आखिरी गेंद पर जाकर ये मैच अपने नाम कर लिया। इस हार ने विराट कोहली की मेहनत पर पारी फेर दिया जिन्होंने 61 रन बनाए। कोहली अमित मिश्रा की गेंद पर आउट हुए थे। कोहली का अहम विकेट हासिल करने के लिए अमित मिश्रा ने बड़ा नियम तोड़ा था।
अमित मिश्रा ने किया थूक का इस्तेमाल
सोशल मीडिया पर अमित मिश्रा का वीडियो वायरल हो रहा है जिसमें वो गेंद पर थूक लगाते हुए नजर आए। ये वाकया 12वें ओवर का है। ओवर की पहली गेंद डालने से पहले अमित ने हाथ जीभ पर लगाया और फिर गेंदबाजी करने लगे। मैच के दौरान शायद किसी का इस ओर ध्यान नहीं गया लेकिन फैंस ने गलती पकड़ ली. इसके दो गेंद बाद ही कोहली उनकी गेंद पर स्टोइनिस को कैच दे बैठे। इसके बाद सोशल मीडिया पर फैंस सवाल उठा रहे हैं कि क्या अमित मिश्रा ने जो किया वो सही था।
थूक के इस्तेमाल पर है बैन
कोरोना काल के बाद से आईसीसी ने थूक के इस्तेमाल पर बैन लगाया हुआ है। खिलाड़ियों को गेंद को चमकाने के लिए केवल पसीने का इस्तेमाल करने की अनुमति है। कुछ फैंस ने अमित मिश्रा की हरकत को नियमों का उल्लंघन बताया। वहीं कुछ कहना है कि अमित ने केवल गेंद पर ग्रिप लगाने के हाथ को थोड़ा गीला किया। उन्होंने गेंद को चमकाने के लिए ऐसा नहीं किया।
पहली भी ये गलती कर चुके हैं अमित मिश्रा
अमित मिश्रा ने ऐसा पहली बार नहीं किया है। वो पहले भी ऐसा कर चुके हैं। साल 2021 में दिल्ली कैपिटल्स के लिए खेलते हुए भी उन्होंने गेंद डालने से पहले उसपर थूक लगाया था। तब फील्ड अंपायर वीरेंद्र शर्मा ने दिल्ली कैपिटल्स के कप्तान ऋषभ पंत को इसे लेकर चेतावनी दी थी। कोहली ने साल 2020 में गलती से ऐसा किया था और फौरन हाथ खड़े करके गलती मानी थी।