इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2023 के एलिमिनेटर मैच से पहले भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व स्पिनर मुरली कार्तिक ने रोहित शर्मा को लेकर बड़ा बयान दिया। मुरली कार्तिक रोहित शर्मा को आउट ऑफ फॉर्म नहीं मानते हैं, लेकिन उनको लगता है कि भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान की एप्रोच गलत है।

आईपीएल 2023 में मुंबई इंडियंस के कप्तान रोहित शर्मा की फॉर्म फैंस के लिए चिंता का विषय रही है। रोहित शर्मा ने इस सीजन अब तक 15 मैच में ने 324 रन बनाए हैं। उन्होंने सीजन की शुरुआत मजबूत नहीं की थी। पिछले कुछ मैच में रोहित के प्रदर्शन ने प्रशंसकों के बीच कुछ उम्मीद जगाई थी। हालांकि, लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ एलिमिनेटर में 10 गेंद में 11 रन ही बना पाए।

एलिमिनेटर में लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ मुंबई इंडियंस की भिड़ंत से पहले भारतीय क्रिकेट के पूर्व स्पिनर मुरली कार्तिक ने रोहित की बल्लेबाजी को लेकर बड़ी टिप्पणी की थी। मुरली कार्तिक ने कहा कि वह इस दावे से कभी सहमत नहीं होंगे कि रोहित ‘आउट ऑफ फॉर्म’ हो सकते हैं।

मुरली कार्तिक ने क्रिकबज को बताया, ‘मैं यह कभी स्वीकार नहीं करूंगा कि रोहित शर्मा खराब फॉर्म में जा सकते हैं। मैंने यह हजार बार कहा है, ऐसा कभी नहीं लगता। वह पहली गेंद पर छक्का मार सकता है… वह आउट ऑफ फॉर्म नहीं है, वह रन नहीं बना पा रहा है। वह जिस तरह से सोचता है वह गलत है, उसकी एप्रोच गलत है। वह रन बना रहा था, इसलिए वह आउट ऑफ फॉर्म नहीं था।’

मुरली कार्तिक ने कहा, ‘उसकी प्रजेंस है। वह कप्तान है और उसका एक औरा है। वह अपने खिलाड़ियों को कमांड करता है, वह एक लीडर है। हर कप्तान गलती करता है, कल हमने हार्दिक पंड्या को भी गलतियां करते देखा है। शायद आशीष नेहरा और हार्दिक पंड्या अलग सोच रहे थे।’

मुरली कार्तिक ने कहा, ‘इसी तरह रोहित शर्मा भी गलतियां कर सकते हैं, लेकिन जिस पद पर वह कमान करता है वह अलग होता है। ठीक है, उसने 313 (एलिमिनेटर से पहले रोहित ने 14 मैच में 313 रन ही बनाए थे) रन बनाए हैं, लेकिन कुछ खिलाड़ी बड़े मैचों में अच्छा प्रदर्शन करते हैं।’