इंडियन प्रीमियर लीग 2023 (IPL 2023) में गुजरात टाइटंस (GT) के खिलाफ रिंकू सिंह की पारी याद होगी। उन्होंने आखिरी ओवर में यश दयाल को लगातार 5 छक्के जड़कर असंभव को संभव कर दिया था। डेथ ओवर्स में कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के लिए आखिरी ओवर में उनके प्रदर्शन को देखकर लग रहा है कि वह चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी की राह पर चल दिए हैं। कोलकाता की टीम भले ही अंक तालिका में 8वें नंबर पर हो, लेकिन मिडिल ओवर्स में उसकी बल्लेबाजी का कोई तोड़ नहीं है।
आईपीएल 2023 में मिडिल ओवर्स में कोलकाता नाइट राइडर्स ने 8.9 के औसत से 801 रन बनाए हैं। किसी भी टीम का इससे बेहतरीन आंकड़ा नहीं है। सनराइजर्स के खिलाफ मैच में भी कुछ ऐसा ही देखने को मिला। सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ कोलकाता नाइट राइडर्स ने पावरप्ले में 8.17 के रन रेट से 3 विकेट पर 49 रन बनाए। वहीं 15 से 20 ओवर में टीम ने 7.33 के रन रेट से 5 विकेट पर 44 रन बनाए। मिडिल ओवर्स में टीम ने बेहतरीन बल्लेबाजी की। 7-14 ओवर के बीच टीम ने 9.75 के रन रेट से 1 विकेट पर 78 रन बनाए। 5वें ओवर में जेसन रॉय आउट हुए।
रिंकू सिंह ने खेली बेहतरीन पारी
इसके बाद नितीश राणा का साथ देने रिंकू सिंह बल्लेबाजी करने आए। दोनों के बीच 40 गेंद पर 61 रन की साझेदारी हुई। नितीश राणा 42 रन बनाकर एडेन मार्करम की गेंद पर आउट हुए। इसके बाद रिंकू ने आंद्रे रसेल के साथ 18 गेंद पर 31 रन की साझेदारी की। रसेल 15वें ओवर में 15 गेंद 24 रन बनाकर आउट हुए। कोलकाता का स्कोर 14.2 ओवर में 5 विकेट पर 127 रन था। इसके बाद रिंकू सिंह ने टीम का स्कोर 171 तक पहुंचाया। आखिरी ओवर में वह टी नटराजन की गेंद पर पवेलियन लौटे। वह 35 गेंद पर 46 रन बनाकर आउट हुए।
धोनी की राह पर रिंकू
फिनिशर के तौर पर महेंद्र सिंह धोनी का कोई सानी नहीं है। हर कोई जानता है कि वह आखिरी ओवर्स में कैसे बल्लेबाजी करते हैं। रिंकू सिंह भी उनकी राह पर है। डेथ ओवर्स में उनके आंकड़े इस बात के गवाह हैं। आईपीएल 2023 में डेथ ओवर्स में रिंकू सिंह ने 197.53 के स्ट्राइक रेट से 161 रन बनाए हैं। राजल्थान रॉयल्स के ध्रुव जुरेल ने 205.35 के स्ट्राइक रेट से 115 रन बनाए। शिरमोन हेटमायर ने 200 के स्ट्राइक रेट से 144 रन बनाए। है। मुंबई इंडियंस के टिम डेविड ने 213.11 के स्ट्राइक रेट से 130 रन बनाए।