इंडियन प्रीमियर लीग 2023 (IPL 2023) में दिल्ली कैपिटल्स (DC) ने बुधवार को पंजाब किंग्स (PBKS) को हरा दिया। प्लेऑफ की रेस से बाहर हो चुकी डेविड वार्नर की अगुआई वाली टीम ने शिखर धवन की अगुआई वाली टीम की उम्मीदों को तगड़ा झटका दिया। दिल्ली की जीत से चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) और लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) की प्लेऑफ में पहुंचने की संभावना बढ़ गई। पंजाब की तरह गुरुवार 18 मई को रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के साथ ‘खेले होबे’ यानी खेल हो गया तो दोनों टीमें प्लेऑफ में पहुंच जाएंगी।
पंजाब किंग्स की हार के बाद चेन्नई सुपर किंग्स और लखनऊ सुपर जायंट्स का प्लेऑफ में पहुंचने का रास्ता थोड़ा सरल हो गया है। दोनों टीमें चाहेंगी कि सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) की टीम रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर को हरा दे। यह परिणाम मुंबई इंडियंस (MI) के भी हित में होगा। चेन्नई और लखनऊ के 15-15 अंक हैं। पंजाब किंग्स के 13 मैच में 12 अंक हैं। टीम अगला मैच जीतती भी है तो उसके 14 अंक ही होंगे। आरसीबी भी 2 में से 1 मैच हार जाए तो उसके 14 अंक होंगे। ऐसे में 15 – 15 अंक के साथ दोनों टीमें प्लेऑफ में होंगी।
सनराइजर्स ने आरसीबी को हरा दिया तो प्लेऑफ की 3 टीमें तय हो जाएंगी
सनराइजर्स ने आरसीबी को हरा दिया तो प्लेऑफ की 3 टीमें तय हो जाएंगी। गुजरात टाइटंस (GT) की टीम पहले ही प्लेऑफ में पहुंच गई है। चेन्नई और लखनऊ भी पहुंच जाएंगी। फिर प्लेऑफ में चौथे स्पॉट के लिए 5 टीमों के बीच लड़ाई होगी। मुंबई इंडियंस का पलड़ा भारी होगा, क्योंकि वह 16 अंक तक पहुंच सकती है। मुंबई के पहले से 14 अंक हैं। वहीं आरसीबी राजस्थान रॉयल्स, कोलकाता नाइट राइडर्स और पंजाब किंग्स के 14-14 ही होंगे।
चेन्नई और लखनऊ भी प्लेऑफ की रेस से हो सकती हैं बाहर
ऐसा नहीं है कि चेन्नई और लखनऊ की टीम से प्लेऑफ की रेस से बाहर नहीं हो सकती। आरसीबी और मुंबई बचे हुए अपना मैच जीत जाएं और ये टीमें मैच हार जाएं तो ऐसा हो जाएगा। हारने पर चेन्नई और लखनऊ 15 -15 अंक पर ही रह जाएंगी। आरसीबी और मुंबई के 16-16 अंक होंगे और दोनों प्लेऑफ में होंगी। चौथी टीम चेन्नई और लखनऊ में से कोई एक होगी। यानी इनमें से एक का पहुंचना लगभग तय है। अगर चौथे स्थान के लिए 14 अंक की जरूरत पड़ी तो राजस्थान और पंजाब के बीच मैच नॉकआउट हो जाएगा। मैच जीतने वाली टीम के ही 14 अंक होंगे। हालांकि, यह उसके प्लेऑफ में पहुंचने की गारंटी नहीं होगी। चौथी टीम 21 मई को तय होगी।