आईपीएल 2023 में आज दो मुकाबले हैं। पहला मैच राजस्थान रॉयल्स और दिल्ली कैपिटल्स के बीच है जबकि दूसरा मुकाबला मुंबई इंडियंस और चेन्नई सुपर किंग्स के बीच होगा। मुंबई और चेन्नई के बीच हमेशा से ही कांटे की टक्कर देखने को मिली है। यह दोनों टीमें ही आईपीएल की सबसे सफल टीमें हैं। मुंबई ने 5 बार जबकि चेन्नई ने 4 बार चैंपियन का टाइटल अपने नाम किया है। ऐसे में फैंस को इस मैच का बेसब्री से इंतजार रहता है, लेकिन आज के इस मैच में दोनों ही टीमें अपने-अपने एक खिलाड़ी को बहुत मिस करेंगी। जी हां, मुंबई कीरोन पोलार्ड के बिना और चेन्नई ड्वेन ब्रावो के बिना पहली बार आईपीएल का कोई मैच खेलेगी। दोनों ही खिलाड़ियों ने आईपीएल से संन्यास ले लिया है।
पोलार्ड मुंबई के तो ब्रावो हैं चेन्नई के कोच
आपको बता दें कि ड्वेन ब्रावो और कीरोन पोलार्ड ने आईपीएल 2023 सीजन के लिए हुई मिनी ऑक्शन से पहले ही संन्यास की घोषणा कर दी थी। हालांकि यह दोनों खिलाड़ी आज के मुकाबले में अपनी-अपनी टीम के साथ नजर जरूरा आएंगे, क्योंकि दोनों खिलाड़ी अपनी-अपनी टीम के कोच हैं। पोलार्ड मुंबई के बैटिंग कोच हैं, जबकि ड्वेन ब्रावो चेन्नई सुपर किंग्स के गेंदबाजी कोच हैं। ब्रावो और पोलार्ड वेस्टइंडीज टीम में लंबे समय तक एकसाथ खेले हैं। दोनों ही अब अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से भी संन्यास ले चुके हैं।
अपनी-अपनी टीम के साथ दोनों ने बिताया है लंबा समय
ड्वेन ब्रावो और कीरोन पोलार्ड दोनों ही आईपीएल के सबसे सफल खिलाड़ियों में से एक हैं। इन दोनों ने अपनी-अपनी फ्रेंचाइजी के लिए लंबे समय तक क्रिकेट खेला है। ड्वेन ब्रावो ने 2011 में अपने आईपीएल करियर की शुरुआत की थी। ऐसे में उन्होंने चेन्नई सुपर किंग्स के साथ 11 साल बिताए हैं। हालांकि बीच में एक साल वो गुजरात लायंस के साथ खेले थे, जब चेन्नई को बैन कर दिया गया था। वहीं कीरोन पोलार्ड ने भी मुंबई इंडियंस के साथ 13 सीजन खेले हैं। पोलार्ड ने नवंबर 2022 में आईपीएल से संन्यास की घोषणा कर दी थी।