इंडियन प्रीमियर लीग 2023 (IPL 2023) से पहले नेट्स में बल्लेबाजी से लेकर ट्रेनिंग सेशन तक में चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी खूब पसीना बहा रहे हैं। 42 साल के इस क्रिकेटर ने अपनी तैयारी में कोई कसर नहीं छोड़ी है। इस बीच सोशल मीडिया पर कैप्टन कूल का एक वीडियो वायरल हो रहा है। वह टीम के घरेलू मैदान चेन्नई के चेपक स्टेडियम में कुर्सी को जर्सी के रंग में रंगते दिख रहे हैं। चेन्नई सुपर किंग्स की जर्सी का रंग शुरुआत से ही पीला है।

चेन्नई सुपर किंग्स के आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल से शेयर किए गए एक वीडियो में, धोनी को स्टैंड्स में कुर्सी पर पेंट स्प्रे आजमाते हुए देखा जा सकता है। स्टैंड्स में आईपीएल 2023 शुरू होने से पहले मेंटेनेंस का काम चल रहा है। नीचे वीडियो में आप धोनी को स्प्रे के साथ देख सकते हैं। धोनी की अगुआई वाली टीम 31 मार्च को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में हार्दिक पांड्या की अगुवाई वाली गत चैंपियन गुजरात जायंट्स के खिलाफ अपने अभियान की शुरुआत करेगी।

गुजरात टाइटंस से चेन्नई सुपर किंग्स का पहला मुकाबला

आईपीएल 2023 का यह पहला मैच होगा। आईपीएल 2022 में चेन्नई सुपर किंग्स और गुजरात टाइटंस 2 मैचों में एक-दूसरे का सामना कर चुकी हैं। इन 2 मैचों में चेन्नई को हार का सामना करना पड़ा है। चेन्नई के लिए पिछले सत्र अच्छा नहीं रहा था। 4 बार की चैंपियन टीम अंक तालिका में 9वें नंबर पर रही थी।

क्या महेंद्र सिंह धोनी का यह आखिरी आईपीएल होगा?

महेंद्र सिंह धोनी इस साल के आईपीएल में सीएसके का नेतृत्व करेंगे और अफवाहें हैं कि यह उनका आखिरी सीजन हो सकता है, लेकिन इस खबर की पुष्टि के लिए कोई ठोस सबूत नहीं है। आईपीएल 2023 से पहले तेज गेंदबाज दीपक चाहर ने सभी अटकलों को खारिज कर दिया था। निगाहें बेन स्टोक्स पर भी होंगी जिन्हें पिछले साल मिनी ऑक्शन में सीएसके ने 16.25 करोड़ में साइन किया था।