MS Dhoni CSK Records: भारत के दिग्गज खिलाड़ी महेंद्र सिंह धोनी ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में तो रिकॉर्ड्स की लाइन लगाई ही आईपीएल में भी वो पीछे नहीं है। बुधवार को इस खिलाड़ी ने चेन्नई सुपर किंग्स के लिए बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम किया। राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ जब वो मुकाबले में उतरे तो एक खास दोहरा शतक लगाया। ये मैच चेन्नई सुपर किंग्स के लिए धोनी का बतौर कप्तान 200वां मैच था।
महेंद्र सिंह धोनी ने चेन्नई के लिए खेला 200वां मैच
धोनी बतौर कप्तान किसी एक टीम के लिए 200 मैच खेलने वाले पहले खिलाड़ी हैं। उन्होंने इस लीग में 238 मैच खेले हैं जिसमें से चेन्नई के लिए 200 मैचों में कप्तानी की है। उनके बाद इस लिस्ट में दूसरे स्थान पर रोहित शर्मा है जिन्होंने 146 मैचों में मुंबई इंडियंस की कप्तानी की है।
तीसरे नंबर पर हैं विराट कोहली
आरसीबी के पूर्व कप्तान विराट कोहली इस लिस्ट में तीसरे स्थान पर हैं। वो इस लीग में सिर्फ आरसीबी के लिए ही खेले हैं और इस टीम के लिए उन्होंने 140 मैचों में कप्तानी की है। केकेआर को दो बार चैंपियन बनाने वाले गौतम गंभीर चौथे स्थान पर हैं। उन्होंने 108 मैचों में इस टीम की कप्तानी की है। इसके बाद पांचवें स्थान पर हैं डेविड वॉर्नर जिन्होंने सनराइजर्स हैदराबाद की 67 मैचों में कप्तानी की है।
15वें सीजन में चेन्नई की कप्तानी कर रहे हैं धोनी
धोनी ने साल 2008 में चेन्नई सुपर किंग्स की कप्तानी पहली बार संभाली थी। इसके बाद वो साल 2015 तक टीम के कप्तान रहे। साल 2016 और 2017 में जब चेन्नई सुपर किंग्स को बैन किया गया तो वो पुणे सुपर जायंट्स के लिए खेले। साल 2018 में फिर उनकी वापसी हुई और तबसे अबतक वो टीम के साथ जुड़े हुए हैं। पिछले साल उन्होंने टीम की कप्तानी छोड़ी थी लेकिन बीच सीजन में एक बार फिर ये जिम्मेदारी उन्हें दे दी गई।
एमएस धोनी ने आईपीएल में बतौर कप्तान अब तक 200 मैच खेले हैं। इसमें से 120 में अपनी टीम को जीत दिलाई है। चेन्नई के मैदान पर बतौर कप्तान उनका यह 58वां मुकाबला है। इससे पहले उन्होंने 57 मैच में से 44 में जीत हासिल की है।