IPL 2023, Rajasthan Royals vs Lucknow Super Giants: राजस्थान रॉयल्स के स्टार ओपनर जोस बटलर ने लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ मैच में इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2023 का दूसरा सबसे लंबा छक्का लगाया। लखनऊ सुपर जायंट्स के कप्तान केएल राहुल ने पारी का चौथा ओवर करने के लिए युद्धवीर सिंह चरक को गेंद थमाई। यशस्वी जयसवाल ने युद्धवीर की पहली ही गेंद पर चौका लगाया। दूसरी गेंद डॉट रही। तीसरी गेंद पर यशस्वी जायसवाल ने एक रन लेकर स्ट्राइक जोस बटलर को दी।

युद्धवीर सिंह चरक की यह गेंद मिडिल स्‍टंप पर फुलर थी और जोस बटलर ने डीप मिडविकेट की दिशा में स्‍लॉग कर गेंद को सीधा सीमा रेखा के पार पहुंचा दिया। जोस बटलर का यह छक्का 112 मीटर लंबा था। यह टूर्नामेंट का दूसरा सबसे लंबा छक्का है।

आईपीएल 2023 में अब तक सबसे लंबा छक्का रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के कप्तान फाफ डुप्लेसिस ने लगाया है। खास यह है कि फाफ डुप्लेसिस ने भी लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ मैच में ही यह उपलब्धि हासिल की थी। फाफ डुप्लेसिस ने उस मैच में 46 गेंद में नाबाद 79 रन की पारी खेली थी। उस मैच में फाफ डुप्लेसिस ने 15वें ओवर में 115 मीटर लंबा छक्का लगाया था।

इस टूर्नामेंट में अब तक लगाए सबसे लंबे शीर्ष-5 छक्के

  • पहला सबसे लंबा छक्का: फाफ डुप्लेसिस (रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर) ने लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ 115 मीटर लंबा छक्का लगाया।
  • दूसरा सबसे लंबा छक्का: जोस बटलर (राजस्थान रॉयल्स) ने लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ 112 मीटर लंबा छक्का लगाया।
  • तीसरा सबसे लंबा छक्का: शिवम दूबे (चेन्नई सुपर किंग्स) ने रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के खिलाफ 111 मीटर लंबा छक्का लगाया।
  • चौथा सबसे लंबा छक्का: केएल राहुल (लखनऊ सुपर जायंट्स) ने राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ 103 मीटर लंबा छक्का लगाया।
  • पांचवां सबसे लंबा छक्का: शिवम दूबे (चेन्नई सुपर किंग्स) ने लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ 102 मीटर लंबा छक्का लगाया।

मार्कस स्टोइनिस ने जोस बटलर और यशस्वी जायसवाल को दिखाई पवेलियन की राह

जोस बटलर (Jos Buttler) ने लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ मैच में यशस्वी जायसवाल के साथ मिलकर पहले विकेट के लिए 87 रन की साझेदारी की। यशस्वी जायसवाल 4 चौके और 2 छक्के की मदद से 35 गेंद में 44 रन बनाकर आउट हुए।

जोस बटलर और यशस्वी जायसवाल की पार्टनरशिप का अंत मार्कस स्टोइनिस ने किया। स्टोइनिस ने यशस्वी को आवेश खान के हाथों कैच कराया। जोस बटलर 41 गेंद में 40 रन बनाकर आउट हुए। मार्कस स्टोइनिस ने बटलर का भी विकेट लिया।