एमएस धोनी की कप्तानी में आपीएल 2023 में चेन्नई सुपर किंग्स का प्रदर्शन अब तक स्तरीय रहा है। इस सीजन में एक बार फिर से धोनी की चतुराई भरी कप्तानी देखने को मिल रही है साथ ही वो बतौर फिनिशर जितनी देर ही क्रीज पर रहते हैं रन बनाते हैं। धोनी इस सीजन में अब तक 200 के ज्यादा के स्ट्राइक रेट से रन बना रहे हैं, लेकिन वो विकेट के बीच दौड़ने से बच रहे हैं क्योंकि उनके घुटने में परेशानी है और वो उस तरह से नहीं दौड़ पा रहे हैं जिसके लिए वो जाने जाते हैं।

धोनी विकेट के बीच उतनी तेजी से नहीं दौड़ रहे हैं और इसे लेकर टीम इंडिया के पूर्व गेंदबाज इरफान पठान ने भी कहा था कि मैं ये देखकर निराश हूं और चाहता हूं कि वो एक बार फिर से ठीक होकर चीते की तरह से दौड़ लगाएं। वैसे धोनी जिस तरह की परेशानी से गुजर रहे हैं ऐसे में एक बार फिर से अफवाहों का बाजार गर्म है कि कहीं ये आईपीएल उनका आखिरी सीजन ना हो। अब धोनी की रिटायरमेंट को लेकर उनके पूर्व साथी खिलाड़ी हरभजन सिंह ने उनसे आईपीएल में खेलते रहने का आग्रह किया है और फैंस की भावनाओं को ठेस नहीं पहुंचाने को कहा है।

हरभजन सिंह ने स्टार स्पोर्ट्स पर बार करते हुए कहा कि धोनी ने समय को रोक लिया है और वो अब भी पुराने धोनी की तरह ही दिखते हैं। वो बड़े शॉट मार रहे हैं और सिंगल भी ले रहे हैं। हालांकि वो अपनी पूरी गति से नहीं दौड़ रहे हैं, लेकिन वो बिल्कुल आराम से छक्के लगा रहे हैं और बल्ले से बेहद खतरनाक लग रहे हैं। उन्होंने कहा कि एमएसडी हमारी भावनाओं को ठेस ना पहुंचाएं और आपको खेलना जारी रखना चाहिए।

वहीं भारतीय महिला टीम की पूर्व कप्तान मिताली राज ने एमएस धोनी के बारे में बात करते हुए कहा कि जब कोई खिलाड़ी अपने करियर का अंतिम चरण पर होता है तो बहुत शोर होता है, लेकिन धोनी ने उस शोर को शानदार तरीके से बंद किया है और धीरे-धीरे अपनी टीम का मार्गदर्शन किया है। उन्होंने ना सिर्फ बेहतरीन कप्तानी की है बल्कि ऑन-फील्ड को शानदार रणनीति बनाई है उससे सीएसके को अच्छा प्रदर्शन करने में मदद मिली है। उन्होंने इस टूर्नामेंट में कई शानदार मूव दिखाई है और अजिंक्य रहाणे इसका एक बेहदरीन उदाहरण है कि कैसे एक खिलाड़ी एक शानदार कप्तान के अंडर में खुद को पुनर्जीवित करता है।

IPL Teams 2023
IPL 2023 Schedule
IPL Points Table
IPL Stats