इंडियन प्रीमियर लीग 2023 (IPL 2023) के फाइनल में चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के खिलाफ गुजरात टाइटंस (GT) को ओपनर शुभमन गिल ने बेहतरीन शुरुआत दिलाई। हालांकि, वह बड़ी पारी नहीं खेल सके। इसका कारण महेंद्र सिंह धोनी की विकेटकीपिंग थी। उन्होंने चेन्नई को गिल के तूफान से बचा लिया। इस विकेट के गिरने के बाद तेज गेंदबाज दीपक चाहर ने भी राहत की सांस ली होगी। उन्होंने गिल का कैच दूसरे ओवर में ही टपका दिया था। तब वह सिर्फ 3 रन बनाकर खेल रहे थे।
शुभमन गिल का कैच टपकाना कितना भारी पड़ सकता है। इसका अंदाजा मुंबई इंडियंस (MI) के क्वालिफायर 2 की पारी से लगाया जा सकता है। टिम डेविड ने 29 रन के स्कोर पर कैच टपकाया था। मुंबई यह कैच 99 रन भारी पड़ा था। उन्होंने 60 गेंद पर 129 रन की पारी खेल दी थी। हालांकि, चेन्नई के खिलाफ मैच में चाहर की गलती ज्यादा भारी नहीं पड़ी। रविंद्र जडेजा की शानदार गेंद पर महेंद्र सिंह धोनी ने अपने विकेटकीपिंग का जलवा दिखाया। वह 20 गेंद पर 39 रन बनाकर पवेलियन लौट गए।
धोनी ने पलक झपकते गिल्लियां बिखेर दीं
शुभमन गिल ने कैच छूटने के बाद अक्रामक तेवर दिखाए। उन्होंने ऋद्धिमान साहा के साथ मिलकर पावरप्ले में 62 रन ठोक दिए। उन्होंने 20 गेंद पारी में 7 चौके लगाए। ग्राउंड के चारों तरफ उन्होंने शॉट लगाए। उनका स्ट्राइक रेट 195 का रहा। धोनी ने 7वें ओवर में जडेजा को गेंद थमाई। ओवर की आखिरी गेंद ऑफ स्टंप पर पड़ने के बाद बाहर निकली। गिल ने कवर की तरफ शॉट खेलने की कोशिश की और बीट हुए। धोनी ने पलक झपकते गिल्लियां बिखेर दीं। थर्ड अंपायर के पास लेग अंपायर ने रेफर किया, लेकिन धोनी आश्वस्त थे।
गिल अपना पैर भी नहीं हिला पाए
रिप्ले में दिखा कि गिल्लियां गिरने से पहले गिल अपना पैर भी नहीं हिला पाए थे। इस तरह से गिल का कैच छोड़ने की दीपक चाहर की गलती चेन्नई सुपर किंग्स को भारी नहीं पड़ी। चेन्नई सुपर किंग्स के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला किया। आईपीएल 2023 का फाइनल रिजर्व डे पर खेला जा रहा है। रविवार को मैच बारिश के कारण नहीं हो पाया था।
