IPL 2023 Eliminator, LSG vs MI Pitch Report: आईपीएल 2023 का पहला फाइनलिस्ट तय हो चुका है। चेन्नई सुपर किंग्स ने पहले क्वालिफायर में गुजरात टाइटंस को हराकर 10वीं बार फाइनल में जगह बनाई। अब खोज शुरू होगी दूसरे फाइलिस्ट की। बुधवार को मुंबई इंडियंस और लखनऊ सुपर जायंट्स के बीच एलिमिनेटर मुकाबला खेला जाएगा। जो भी टीम यह मैच जीतेगी वह दूसरे क्वालिफायर में गुजरात का सामना करेगी वहीं हारने वाली टीम टूर्नामेंट से बाहर हो जाएगी।

पहली बार चेपक में होगा मुंबई-लखनऊ का सामना

यह मैच दोनों ही टीमों के लिए करो या मरो की स्थिति का है। लखनऊ सुपर जायंट्स और मुंबई इंडियंस दोनों ने ही 14 में से 8 मैच जीते थे। लखनऊ का एक मैच बेनतीजा रहा जिस कारण वह अंकतालिका में तीसरे स्थान पर और मुंबई चौथे स्थान पर रही। यह दोनों टीमें पहली बार चेन्नई के चेपक स्टेडियम में आमने-सामने होंगी। ऐसे में उन्हें पिच का मिजाज समझते हुए ही फैसले लेने होंगे।

धीमी है चेपक की पिच

चेपक के मैदान पर पहली पारी का औसतन स्कोर 163 है। चेन्नई की पिच धीमी है। दूसरी पारी में रन बनाना यहां मुश्किल होता है। ऐसे में ओस का प्रभाव हो या न हो यहां टॉस की भूमिका अहम है। यह मैच उसी पिच पर खेला जाएगा जहां चेन्नई सुपर किंग्स और मुंबई इंडियंस का सामना हुआ था। उस मैच में मुंबई ने केवल 139 रन बनाए थे और चेन्नई ने 17.4 ओवर में यह लक्ष्य हासिल कर लिया था। एक बार फिर यहां कम स्कोर का मैच देखने को मिल सकता है।

लखनऊ सुपर जायंट्स को कभी नहीं हरा पाई मुंबई

मुंबई इंडियंस की टीम भले ही पांच की चैंपियन हो लेकिन लखनऊ सुपर जायंट्स के सामने टीम का हाल बुरा ही रहा है। दोनों टीमों के बीच अब तक जो तीन मैच खेले गए हैं उनमें से मुंबई एक भी नहीं जीता पाई है। पिछले सीजन में टीमों के बीच दो बार मुकाबला खेला गया। इस सीजन में दोनों का एक बार सामना हुआ और हर बार लखनऊ सुपर जायंट्स ने जीत हासिल की।

मौसम की बात करें तो चेन्नई में बारिश की कोई उम्मीद नहीं है। खिलाड़ियों को यहां भीषण गर्मी के साथ-साथ ह्यूमिडिटी का सामना करना होगा। फैंस के लिए अच्छी बात यह कि बारिश का खलल नहीं होगा और उन्हें फुल ऑन एक्शन देखने को मिलेगा।