इंडियन प्रीमियर लीग 2023 (IPL 2023) में राजस्थान रॉयल्स (RR) के खिलाफ दिल्ली कैपिटल्स (DC)के कप्तान डेविड वार्नर ने बड़ी उपलब्धि हासिल की। वह लीग में 6000 रन पूरा करने वाले तीसरे बल्लेबाज बने। इससे पहले रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (RCB) के पूर्व कप्तान विराट कोहली और पंजाब किंग्स (PBKS) के कप्तान शिखर धवन यह करनामा कर चुके हैं। विराट लीग में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं। उन्होंने 6727 रन बनाए हैं। वहीं धवन ने 6370 रन बनाए हैं।
डेविड वार्नर ने इंडियन प्रीमियर लीग में 6000 रन पूरा करने के लिए 165 पारी लिए। उन्होंने विराट कोहली और शिखर धवन से कम पारी में यह उपलब्धि हासिल की। विराट कोहली ने 188 और शिखर धवन ने 199 पारी में 6000 रन पूरे किए थे। आईपीएल में अबतक 13 बल्लेबाज 4000 से ज्यादा रन बना चुके हैं। डेविड वार्नर का इस मामले में सबसे बेहतर औसत है। वहीं तीसरा सबसे बेहतर स्ट्राइक रेट वाले बल्लेबाज हैं। उनका औसत 42.28 और स्ट्राइक रेट 140.08 का है।
डेविड वार्नर से बेहतर स्ट्राइक रेट केवल दो बल्लेबाजों का
आईपीएल में 4000 से ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाजों में डेविड वार्नर से बेहतर स्ट्राइक रेट केवल दो बल्लेबाजों का है। रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (RCB) के पूर्व खिलाड़ी एबी डीविलियर्स का स्ट्राइक रेट 151.68 और क्रिस गेल का स्ट्राइक रेट 148.96 का है। आईपीएल में सबसे ज्यादा रन बनाने के मामले में मुंबई इंडियंस के कप्तान रोहित शर्मा चौथे नंबर पर हैं। उन्होंने 223 पारी में 5880 रन बनाए हैं। चेन्नई सुपर किंग्स के पूर्व खिलाड़ी सुरेश रैना ने 5528 रन बनाए हैं। एबी डीविलियर्स ने 5162 रन बनाए हैं।
महेंद्र सिंह धोनी ने 5004 रन बनाए हैं
चेन्नई सुपर किंग्स के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने 5004 रन बनाए हैं। क्रिस गेल ने 4965, रॉबिन उथप्पा ने 4952, दिनेश कार्तिक ने 4385, अंबाति रायुडू ने 4229, गौतम गंभीर ने 4217 और अजिंक्य रहाणे 4074 रन बनाए हैं। वार्नर ने राजस्थान के खिलाफ 65 रन की पारी खेली, लेकिन इसका कोई फायदा नहीं हुआ। दिल्ली की टीम को लगातार तीसरे मैच में हार का सामना करना पड़ा। राजस्थान ने उसे 57 रन से हराया।
