इंडियन प्रीमियर लीग 2023 (IPL 2023) में शनिवार के दूसरे मैच के पहले ही ओवर में चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) को बड़ा झटका लगा। मुंबई इंडियंस (MI) के खिलाफ वानखेड़े में टॉस जीतकर महेंद्र सिंह धोनी ने पहले गेंदबाजी का फैसला किया और दीपक चाहर पहला ओवर करने आए। 5वीं गेंद के बाद उन्हें पैर में दिक्कत महसूस हुई। फिर सीएसके के फीजियो मैदान पर आए। आखिरी गेंद करने के बाद चाहर मैदान से बाहर चले गए। ऐसा लगा कि यह हैमस्ट्रिंग इंजरी है। हालांकि, इसे लेकर अभी तक कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। इसके सामने आने के बाद ही पता चलेगा कि दाएं हाथ के इस तेज गेंदबाज की चोट कितनी गंभीर है।
दीपक चाहर का चोटिल होना चेन्नई सुपर किंग्स के लिए बहुत बड़ा झटका है। टीम पहले ही खिलाड़ियों के चोटिल होने से परेशान है। न्यूजीलैंड के ऑलराउंडर काइल जैमिसन पहले ही टूर्नामेंट से बाहर हो चुके हैं। वहीं मुंबई इंडियंस के खिलाफ बेन स्टोक्स और मोइन अली अनफिट होने के कारण नहीं खेले। चाहर पहली बार चोटिल नहीं हुए हैं। पिछले 1 साल में उनका करियर चोट से काफी प्रभावित हुआ है। चोट के कारण वह आईपीएल 2022 में नहीं खेल पाए थे।
दीपक चाहर चोट से परेशान
फरवरी 2022 में दीपक चाहर को पीठ में चोट लगी थी, जिससे वह पिछले साल के आईपीएल से बाहर हो गए थे। वह अपनी वापसी करके टी20 विश्व कप में टीम इंडिया के लिए खेलने पर नजर गड़ाए हुए थे, तभी उन्हें एक बार चोट का झटका लगा, जिसके कारण वह टूर्नामेंट से बाहर हो गए। उन्होंने पिछले साल दिसंबर में बांग्लादेश के दौरे पर वापसी की, फिर उन्होंने क्वाड ग्रेड 3 टियर हुआ। इससे वह श्रीलंका, न्यूजीलैंड और ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ घरेलू लिमिटेड ओवर्स सीरीज से बाहर हो गए।
अजिंक्य रहाणे का सीएसके के लिए डेब्यू
मैच में चेन्नई सुपर किंग्स के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने रोहित शर्मा की मुंबई इंडियंस के खिलाफ पहले गेंदबाजी करने का विकल्प चुना। चेन्नई ने चोटिल बेन स्टोक्स और अस्वस्थ मोईन अली की जगह ड्वेन प्रिटोरियस और अजिंक्य रहाणे को प्लेइंग 11 में मौका दिया। अजिंक्य रहाणे का सीएसके के लिए डेब्यू मैच है। मुंबई इंडियंस ने एहतियातन के तौर पर तेज गेंदबाज जोफ्रा आर्चर को आराम दिया है। रोहित शर्मा ने इसकी जानकारी दी।