इंडियन प्रीमियर लीग 2023 (IPL 2023) के रोमांचक फाइनल में चेन्नई सुपर किंग्स (CSK)ने गुजरात टाइटंस (GT)को आखिरी गेंद पर हराकर पांचवीं बार अपने नाम किया। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए इस मैच में आखिरी ओवर में चेन्नई को जीत के लिए 13 रन चाहिए थे। रविंद्र जडेजा और शिवम दुबे क्रीज पर थे। मोहित शर्मा ने पहली 4 गेंदों पर सिर्फ 3 रन दिए। फिर आखिरी दो गेंदों पर जडेजा ने छक्का और चौका मारकर चेन्नई को जीत दिलाई।
रविंद्र जडेजा की चेन्नई को जीत दिलाने के लिए खूब तारीफ हो रही है। इस बीच तमिलनाडु भाजपा के अध्यक्ष के अन्नमलाई का एक बयान चर्चा में हैं। उन्होंने टीवी चैनल के इंटरव्यू में जडेजा को भाजपा कार्यकर्ता बताया। उन्होंने कहा कि बाएं हाथ का ऑलराउंडर भाजपा कार्यकर्ता है। यही नहीं तमिलनाडु भाजपा ने अपने ट्वीट अकाउंट पर एक फोटो शेयर की है। इसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ रविंद्र जडेजा और उनकी पत्नी रिवाबा दिखाई दे रहे हैं।
तमिलनाडु भाजपा का ट्वीट
तमिलनाडु भाजपा ने ट्वीट में लिखा है, “क्रिकेटर जडेजा बीजेपी कार्यकर्ता हैं। उनकी पत्नी रिवाबा जामनगर उत्तर निर्वाचन क्षेत्र से भाजपा विधायक हैं। और वह एक गुजराती हैं! भाजपा कार्यकर्ता जडेजा ने सीएसके को जीत दिलाई।” तमिलनाडु भाजपा ने यह तमिल में ट्वीट किया है।
रविंद्र जडेजा की पत्नी रिवाबा हैं भाजपा विधायक
बता दें कि रविंद्र जडेजा की पत्नी रिवाबा गुजरात के जामनगर से भाजपा विधायक हैं। जडेजा ने उनके लिए पिछले साल गुजरात विधानसभा चुनाव में प्रचार किया था। रिवाबा 2019 में भाजपा में शामिल हुईं और 2022 में गुजरात विधानसभा चुनाव लड़ीं। उन्होंने 80 हजार से अधिक मतों के अंतर से जीत हासिल की।
साई सुदर्शन को लेकर क्या बोले तमिलनाडु भाजपा अध्यक्ष
तमिलनाडु भाजपा अध्यक्ष ने गुजरात टाइटंस के लिए खेलने वाले तमिलनाडु के खिलाड़ी साई सुदर्शन की भी प्रशंसा की। उन्होंने कहा, “एक तमिल खिलाड़ी ने 96 रन बनाए, हम उसका भी जश्न मनाएंगे। सीएसके में एक भी तमिल खिलाड़ी नहीं खेला, लेकिन हम अभी भी एमएस धोनी की वजह से सीएसके की जीत का जश्न मनाते हैं। हमें गर्व है कि विजयी रन एक भाजपा कार्यकर्ता ने बनाया।”