आईपीएल 2023 में अभी तक अच्छा प्रदर्शन कर रही चेन्नई सुपर किंग्स को एक बड़ा झटका लग गया है। दरअसल, टीम के ऑलराउंडर बेन स्टोक्स एक और हफ्ते के लिए टीम से बाहर हो गए हैं। सीएसके के हेड कोच स्टीफन फ्लेमिंग ने इस बात की पुष्टि की है कि बेन स्टोक्स की चोट अभी पूरी तरह ठीक नहीं हुई है, इसलिए वो अगले एक हफ्ते तक और टीम से बाहर रहेंगे।
बता दें कि बेन स्टोक्स 8 अप्रैल को मुंबई इंडियंस के खिलाफ मैच में चोटिल हो गए थे। उससे पहले वो इस सीजन के सिर्फ दो मैच खेले हैं। बेन स्टोक्स आईपीएल इतिहास में सीएसके के सबसे महंगे खिलाड़ियों में से एक हैं। वो चोट की वजह से 4 मुकाबले मिस कर चुके हैं और अभी एक और हफ्ते तक वो क्रिकेट से दूर रहेंगे। शुक्रवार को हैदराबाद के खिलाफ मैच से पहले यह खबरें आई थी कि स्टोक्स फिट हैं और उस मैच में खेलेंगे, लेकिन स्टीफन फ्लेमिंग ने ऐसी खबरों को खारिज कर दिया।
स्टीफन फ्लेमिंग ने सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ मिली जीत के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि बेन स्टोक्स को अभी कुछ दिन या एक हफ्ते और क्रिकेट से दूर रहना होगा, यह हमारे लिए एक चुनौती है, लेकिन हमारी टीम अभी अच्छा प्रदर्शन कर रही है। बता दें कि चेन्नई ने देर रात सनराइजर्स हैदराबाद को 7 विकेट से मात दे दी। फ्लेमिंग ने आगे कहा कि हमारी प्राथमिकता स्टोक्स को फिट रखने की है और इसीलिए हम उसे अभी टीम से बाहर रख रहे हैं।
इस दौरान स्टीफन फ्लेमिंग ने एमएस धोनी की चोट को लेकर भी अपडेट किया। फ्लेमिंग ने कहा कि धोनी की चोट बिल्कुल भी चिंता का विषय नहीं है, वो अपनी चोट को अच्छे से मैनेज कर रहे हैं। फ्लेमिंग ने कहा, “एमएस पूरी तरह से ठीक है। वह अपनी चोट को अच्छे से मैनेज कर रहे हैं। वह उपलब्ध है। वह हमेशा टीम को पहले रखते हैं। अगर उन्हें पता होता कि वह चोट के कारण नहीं खेल पाएंगे तो वो खुद ही बाहर बैठ जाते, इसलिए चिंता की कोई बात नहीं है।
बता दें कि मौजूदा सीजन में चेन्नई के कई खिलाड़ी चोटिल हो चुके हैं। बेन स्टोक्स के अलावा दीपक चाहर और सिसांडा मगाला पहली ही चोटिल हैं। दीपक हैमस्ट्रिंग की वजह से बाहर हैं। सिमरजीत सिंह भी तबियत ठीक नहीं होने की वजह से बाहर चल रहे हैं, लेकिन उनके जल्द फिट होने की उम्मीद जताई जा रही है।
IPL Teams 2023 |
IPL 2023 Schedule |
IPL Points Table |
IPL Stats |