आईपीएल 2023 के लिए दिसंबर 2022 में हुई मिनी ऑक्शन में 16.25 करोड़ में बिके इंग्लैंड के ऑलराउंडर बेन स्टोक्स अब आईपीएल के बाकि मैचों में नजर नहीं आएंगे। दरअसल, सीएसके के आखिरी ग्रुप मैच के बाद बेन स्टोक्स स्वदेश लौटने वाले हैं। ईएसपीएनक्रिकइन्फो की खबर के मुताबिक, बेन स्टोर्स शनिवार को दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ होने वाले मैच के बाद इंग्लैंड लौट जाएंगे, जहां वह एशेज सीरीज की तैयारी में जुटेंगे।
बेन स्टोक्स ने खेले सिर्फ दो मैच
आपको बता दें कि बेन स्टोक्स अभी तक सीजन के बस दो मुकाबले खेले हैं और वो भी उन्होंने टूर्नामेंट के शुरुआत में ही खेले थे। शुरुआती दो मैचों में बेन स्टोक्स ने 7 और 8 रन बनाए थे। वहीं एकमात्र ओवर में उन्होंने 18 रन दिए थे। उन्होंने कोई विकेट भी नहीं लिया। पहले दो मैच खेलने के बाद बेन स्टोक्स को पैर के अंगूठे में चोट लगी और बाएं घुटने में भी उनके तकलीफ नजर आई। हालांकि अभी स्टोक्स फिट हैं।
पहले 1 जून को जाना था स्टोक्स को
रिपोर्ट के मुताबिक, बेन स्टोक्स 20 मई को दिल्ली के खिलाफ होने वाले आखिरी ग्रुप मैच के बाद इंग्लैंड लौट जाएंगे। पहले यह कहा जा रहा था कि स्टोक्स 1 जून को लॉर्ड्स जाएंगे, जहां वह आयरलैंड के खिलाफ एकमात्र टेस्ट का हिस्सा होंगे, लेकिन अब एशेज की तैयारी के लिए बेन स्टोक्स 10 दिन पहले ही आईपीएल बीच में छोड़कर स्वदेश लौट जाएंगे।
स्टोक्स की इंजरी अपडेट पर क्या बोले थे फ्लेमिंग?
बेन स्टोक्स की चोट को लेकर स्टीफन फ्लेमिंग ने भी हाल ही में कहा था कि स्टोक्स अभी फिट हैं, हालांकि उनकी जगह प्लेइंग इलेवन में नहीं बन पा रही है और इसकी वजह टीम में खेल रहे खिलाड़ियों का अच्छा प्रदर्शन है। चेन्नई फिलहाल डेवोन कॉनवे, मोईन अली, मथीशा पथिराना और महीश थीक्षणा के रूप में चार विदेशी खिलाड़ियों के साथ खेल रही है और यह चारों अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं। फ्लेमिंग ने पहले ही इस बात के संकेत दे दिए थे कि स्टोक्स दिल्ली के खिलाफ मैच में भी नहीं खेलेंगे।