MI vs PBKS IPL 2023: मुंबई इंडियंस के तेज गेंदबाज अर्जुन तेंदुलकर ने अपनी गेंदबाजी स्पेल के पहले दो ओवर में बेहतरीन की, लेकिन तीसरे ओवर में पंजाब किंग्स के बल्लेबाजों ने उनकी जमकर कुटाई कर डाली। आईपीएल 2023 के 31वें मैच में अर्जुन तेंदुलकर ने 3 ओवर में 48 रन देकर एक विकेट लिया। हालांकि अपनी गेंदबाजी के दौरान उन्होंने एक शानदार यॉर्कर डाला जिस पर पंजाब के बल्लेबाजों को संभलने का मौका बिल्कुल भी नहीं मिला और वो पगबाधा आउट हो गए।

अर्जुन ने सटीक यॉर्कर पर प्रभसिमरन सिंह को किया आउट

पंजाब किंग्स के खिलाफ मुंबई के कप्तान रोहित शर्मा ने अर्जुन तेंदुलकर से गेंदबाजी की शुरुआत करवाई और उन्होंने पहले ओवर में काफी अच्छी गेंदबाजी की और सिर्फ 5 रन दिए। इसके बाद अपने दूसरे ओवर में 12 रन दिए, लेकिन इस ओवर की चौथी गेंद पर उन्होंने अपनी सटीक यॉर्कर से पंजाब किंग्स के बल्लेबाज प्रभसिमरन सिंह को पगबाधा आउट किया। ये गेंद उन्होंने प्रभसिमरन के बाएं पैर के ठीक सामने फेंका और उन्हें बिल्कुल भी संभलने का मौका नहीं मिला और वो आउट हो गए। उनके इस गेंद पर कप्तान रोहित शर्मा ने उनकी जमकर तारीफ की तो वहीं स्टेडियम में मौजूद दर्शक खुशी से झूम उठे।

अर्जुन तेंदुलकर के तीसरे ओवर में बने 31 रन

पंजाब के खिलाफ अर्जुन तेंदुलकर अपने स्पेल के तीसरे ओवर में खूब पिटे और उनके इस ओवर में कुल 31 रन बने। अर्जुन के इस ओवर फेंकने के समय पंजाब की तरफ से क्रीज पर हरप्रीत सिंह भाटिया और सैम करन मौजूद थे और दोनों बल्लेबाजों की तरफ से उनकी गेंदों पर जमकर शॉट लगाए गए।

अर्जुन तेंदुलकर का तीसरा ओवर

पहली गेंद- छक्का
दूसरी गेंद- वाइड
दूसरी गेंद- चौका
तीसरी गेंद- एक रन
चौथी गेंद- चौका
पांचवीं गेंद- छक्का
छठी गेंद- नो बॉल और चौका
छठी गेंद- चौका

MI गेंदबाज द्वारा सबसे महंगा ओवर
35- डेनियल सैम्स बनाम केकेआर, पुणे, 2022
31 – अर्जुन तेंदुलकर बनाम पीबीकेएस, मुंबई डब्ल्यूएस, 2022
28 – पवन सुयाल बनाम आरसीबी, मुंबई डब्ल्यूएस, 2014
28 – अल्जारी जोसेफ बनाम आरआर, मुंबई डब्ल्यूएस, 2019
28 – मिचेल मैकक्लेनाघन बनाम पीबीकेएस, इंदौर, 2017

पंजाब की टीम ने 62 गेंदों पर बनाए 131 रन

पंजाब की टीम एक वक्त पर मुंबई के खिलाफ 9.4 ओवर में 83 रन पर 4 विकेट गंवाकर संघर्ष कर रही थी, लेकिन इसके बाद इस टीम ने पारी की अगले 62 गेंदों पर 131 रन बना डाले। इससे पहले इस टीम ने 58 गेंदों पर 83 रन बनाए थे। पंजाब के लिए कप्तान सैम करन ने 29 गेंदों पर 55 रन बनाए तो वहीं हरप्रीत सिंह भाटिया ने 28 गेंदों पर 41 रन बनाए जबकि जितेश शर्मा ने 7 गेंदों पर 25 रन बना डाले। इस टीम ने आखिरी 5 ओवर में 96 रन बनाए।

IPL Teams 2023
IPL 2023 Schedule
IPL Points Table
IPL Stats