MI Vs SRH: आईपीएल 2021 के आखिरी दो लीग मैच आज एकसाथ हुए। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2021 के 55वें मुकाबले में मुंबई इंडियंस ने सनराइजर्स हैदराबाद को 42 रन से हरा दिया। अबुधाबी के शेख जायद स्टेडियम में खेले गए इस मैच में मुंबई इंडियंस के कप्तान रोहित शर्मा ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी का फैसला किया।
मुंबई इंडियंस ने 20 ओवर में 9 विकेट पर 235 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी सनराइजर्स हैदराबाद 20 ओवर में 8 विकेट पर 193 रन ही बना पाई। सनराइजर्स हैदराबाद की ओर से मनीष पांडे ने 7 चौके और 2 छक्के की मदद से 41 गेंद में 69 रन की नाबाद पारी खेली। मुंबई की ओर से बुमराह, नाथन कूल्टर नाइल और जेम्स नीशम 2-2 विकेट लेने में सफल रहे।
मुंबई यह मैच जरूर जीत गई, लेकिन उसका प्लेऑफ में पहुंचने का सपना अधूरा ही रह गया। उसे प्लेऑफ में पहुंचने के लिए हैदराबाद की पारी को 64 रन पर ही रोक देना था, लेकिन वह ऐसा नहीं कर पाई।
अब 10 अक्टूबर को दुबई इंटनरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में दिल्ली कैपिटल्स और चेन्नई सुपरकिंग्स के बीच पहला क्वालिफायर खेला जाएगा। वहीं, 11 अक्टूबर को शारजाह क्रिकेट स्टेडियम में एलमिनेटर में रॉयल चैलेंजर्स बंगलौर और कोलकाता नाइटराइडर्स की टीमें आमने-सामने होंगी। पहला क्वालिफायर हारने वाली टीम 13 अक्टूबर को शारजाह क्रिकेट स्टेडियम में होने वाले क्वालिफायर 2 में एलमिनेटर के विजेता से भिड़ेगी।
इससे पहले मुंबई इंडियंस की ओर से इशान किशन ने 84 और सूर्यकुमार यादव ने 82 रन की पारी खेली। इशान ने 32 गेंद में 11 चौके और 4 छक्के लगाए। सूर्यकुमार यादव ने 40 गेंद में 13 चौके और 3 छक्के लगाए।
हैदराबाद की ओर से जेसन होल्डर ने 52 रन देकर 4 विकेट झटके। राशिद खान ने 40 और अभिषेक शर्मा ने 4 रन देकर 2-2 विकेट लिए। उमरान मलिक भी 48 रन देकर एक विकेट लेने में सफल रहे।
इस मैच के लिए मुंबई इंडियंस ने अपनी प्लेइंग इलेवन में दो बदलाव किए। वहीं इस मैच में सनराइजर्स हैदराबाद की कमान मनीष पांडे ने संभाली। आईपीएल कप्तान के रूप में यह उनका पहला मैच रहा।
कोच के बाद पीसीबी ने बदली टी20 विश्व कप टीम, भारत को हराने वाले कप्तान को किया शामिल
उधर, आईपीएल 2021 के 56वें मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बंगलौर ने दुबई के दुबई क्रिकेट स्टेडियम में दिल्ली कैपटिल्स को 7 विकेट से हरा दिया।आईपीएल में ऐसा पहली बार हुआ, जब एक ही समय पर दो मैच हुए। दुबई में हुए मैच का लाइव स्कोर जानने के लिए यहां क्लिक करें:-
इशान किशन ने ठोका सबसे तेज पचासा! लगाई रिर्काड्स की झड़ी
आईपीएल 2021 की ताजा पॉइंट्स टेबल देखने के लिए यहां क्लिक करें
Indian Premier League, 2021
Sunrisers Hyderabad
193/8 (20.0)
Mumbai Indians
235/9 (20.0)
Match Ended ( Day – Match 55 )
Mumbai Indians beat Sunrisers Hyderabad by 42 runs
हैदराबाद को 19वें ओवर की चौथी गेंद पर 8वां झटका लगा। ऋद्धिमान साहा 2 रन के निजी स्कोर पर नाथन कूल्टर नाइल की गेंद पर उन्हीं को कैच थमा बैठे। नाथन कूल्टर नाइल ने भी फॉलो थ्रो में शानदार कैच लपका। नाथन कूल्टर नाइल ने बाएं हाथ से गेंद को पकड़ने का प्रयास किया, गेंद उनके हाथ में लग हवा में ऊपर उछल गई। हालांकि, फिर उन्होंने पकड़ लिया। साहा की जगह सिद्धार्थ कौल क्रीज पर आए।
जसप्रीत बुमराह ने 18वें ओवर की दूसरी गेंद पर राशिद खान को आउट किया। बुमराह की यह गेंद धीमी गति की थी। राशिद ने ऑफ स्टंप के बाहर की गेंद को कट कर स्वीपर कवर एरिया में खेलने का प्रयास किया, लेकिन बॉल उड़ते हुए बुमराह के ही हाथों में पहुंच गई। राशिद खान 9 रन बनाकर आउट हुए। उनकी जगह ऋद्धिमान साहा क्रीज पर आए।
सनराइजर्स हैदराबाद ने 8 गेंद में 2 विकेट गंवाए। नाथन कूल्टर नाइल ने 17वें ओवर की पहली गेंद पर जेसन होल्डर का विकेट झटका। होल्डर ने नाइल की इस गेंद को लॉन्ग ऑन की दिशा में उठा कर मारा। टाइमिंग बढ़िया थी, लेकिन दूर नहीं गई। लॉन्ग ऑन पर ट्रेंट बोल्ट ने आराम से कैच कर लिया। होल्डर 2 गेंद में एक रन बनाकर पवेलियन लौटे। उनकी जगह राशिद खान बल्लेबाजी के लिए आए।
इसी ओवर की आखिरी गेंद पर चौका लगाकर मनीष पांडे ने अपना पचासा पूरा किया। मनीष ने गेंद को एक्सट्रा कवर सीमा रेखा के बाहर पहुंचाया। बुमराह ने 128 किमी की गति से की गेंद फेंकी थी। मनीष पीछे गए और कट के अंदाज में खेला। बढ़िया टाइमिंग, जबरदस्त प्लेसमेंट।
जसप्रीत बुमराह ने 16वें ओवर की पहली गेंद पर प्रियम गर्ग का विकेट झटका। प्रियम गर्ग 21 गेंद में 29 रन बनाकर आउट हुए। बुमराह की यह गेंद धीमी थी। प्रियम गर्ग ने काफी जोर से उठा कर मारा, लेकिन शॉट को ताकत नहीं दे पाए। गेंद हवा में काफी ऊंची गई और लॉन्ग ऑन पर हार्दिक पंड्या ने आसानी से गेंद को लपक लिया। गर्ग का बल्ले से एक हाथ छूट गया था। उनकी जगह जेसन होल्डर क्रीज पर आए।
दसवें ओवर की पहली गेंद पर सनराइजर्स हैदराबाद को चौथा झटका लगा। जेम्स नीशम ने अब्दुल समद को लॉन्ग ऑन पर कीरोन पोलार्ड के हाथों कैच कराया। अब्दुल समद 3 गेंद में 2 रन ही बना पाए। नीशम का इस मैच में यह दूसरा विकेट है। उनकी यह क्रॉस सीम से ऑफ स्टंप पर लेंथ गेंद थी। समद ने बड़ा शॉट खेलने की कोशिश की। टाइमिंग अच्छी नहीं और लॉन्ग ऑन पर लपक लिए गए। उनकी जगह प्रियम गर्ग बल्लेबाजी के लिए आए हैं।
पीयूष चावला ने 9वें ओवर की तीसरी गेंद पर मोहम्मद नबी को लॉन्ग ऑन पर कीरोन पोलार्ड के हाथों कैच कराया। पीयूष चावला का मुंबई की जर्सी में यह पहला विकेट है। उनकी यह गेंद फ्लाइटेड थी। नबी ने कदमों का इस्तेमाल कर बड़ी हिट लगाने की कोशिश की। गेंद हवा में गई और एक आसान सा कैच पोलार्ड ने लपक लिया। नबी 4 गेंद में 3 रन बनाकर आउट हुए।
जेम्स नीशम ने 7वें ओवर की आखिरी गेंद पर अभिषेक शर्मा को पवेलियन भेजा। अभिषेक की आकर्षक पारी पर नीशम ने लगाया ब्रेक! लेग स्टंप पर धीमी गेंद, फुलर लेंथ। अभिषेक हवा में फ्लिक करना चाहते थे। इस चक्कर में पहले खेल बैठे, मिसटाइम हुआ, हवा में गई लेकिन दूरी तय नहीं कर पाई और डीप मिड विकेट पर एक आसान सा कैच नाथन कूल्टर नाइल ने लपक लिया। अभिषेक 16 गेदं में 33 रन बनाकर आउट हुए। उनकी जगह मोहम्मद नबी बल्लेबाजी के लिए आए।
आईपीएल 2021 के प्लेऑफ में पहुंचने वाली चार टीमें हैं, दिल्ली कैपिटल्स, चेन्नई सुपरकिंग्स, रॉयल चैलेंजर्स बंगलौर और कोलकाता नाइटराइडर्स।
ट्रेंट बोल्ट छठा ओवर लेकर आए। जेसन रॉय ने उनकी पहली ही गेंद को सीमा-रेखा के बाहर भेज दी। उनके इस चौके से सनराइजर्स हैदराबाद का स्कोर 64 रन हो गया और मुंबई इंडियंस प्लेऑफ के बाहर हो गई, जबकि कोलकाता नाइटराइडर्स प्लेऑफ में पहुंच गई। हालांकि, जेसन रॉय अगली ही गेंद पर क्रुणाल पंड्या को फाइन लेग पर कैच थमा बैठे। जेसन रॉय 21 गेंद में 4 छक्के की मदद से 34 रन बनाकर आउट हुए। उनकी जगह कप्तान मनीष पांडे क्रीज पर आए।
हैदराबाद के लिए पारी का अभिषेक शर्मा और जेसन रॉय ने पारी का आगाज किया। मुंबई इंडियंस के लिए ट्रेंट बोल्ट पहला ओवर लेकर आए। जेसन रॉय ने बोल्ट की तीसरी गेंद पर 2 रन लेकर अपना और टीम का खाता खोला। हैदराबाद ने पहले ओवर में 5 रन बनाए। हालांकि, दूसरे ओवर में उसने 10 रन बटोरे। इस ओवर में जेसन रॉय ने जसप्रीत बुमराह की तीसरी और पांचवीं गेंद को सीमा रेखा के पार भेजा।
शुरुआत में एक बार के लिए ऐसा लगा कि इशान किशन जिस तरीके से खेल रहे हैं आज कोई मैजिक ना हो जाए, लेकिन बाद में सनराइजर्स के गेंदबाजों ने रनों की रफ्तार में लगाम लगाई और स्कोर रेट को धीमा करने के प्रयास किया। हालांकि जब सूर्या आए तो उन्होंने भी एक ताबड़तोड़ पारी खेली। एक बार के लिए कहीं न कहीं मुंबई के खिलाड़ियों में उम्मीद तो जगी ही होगी और अब वह उसी उम्मीद के साथ मैदान पर गेंदबाजी करने उतरेंगे।
मुंबई इंडियन्स ने इंडियन प्रीमियर लीग में शुक्रवार को यहां सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ नौ विकेट पर 235 रन बनाए। मुंबई की ओर से इशान किशन ने 84 जबकि सूर्यकुमार यादव ने 82 रन बनाए। सनराइजर्स की तरफ से जेसन होल्डर ने चार जबकि राशिद खान और अभिषेक शर्मा ने दो-दो विकेट चटकाए।
जेसन होल्डर ने 18वें ओवर की दूसरी गेंद पर मुंबई इंडियंस को 7वां झटका दिया। उन्होंने नाथन कूल्टर नाइल को डीप मिड विकेट में मोहम्मद नबी के हाथों कैच कराया। होल्डर की यह गेंद ऑफ स्टंप के बाहर फुलर लेंथ थी। नाइल ने इसे लेग साइड में लपेट कर मारा, लेकिन ज्यादा दूर नहीं भेज पाए। वह 3 गेंद में 3 रन बनाकर आउट हुए। उनकी जगह पीयूष चावला बल्लेबाजी के लिए आए।
हैदराबाद के लिए 17वां ओवर सिद्धार्थ कौल लेकर आए। उनकी दूसरी गेंद पर सूर्यकुमार ने चौका लगाया और अपना अर्धशतक पूरा किया। उन्होंने 24 गेंद में अपनी फिफ्टी पूरी की है। उन्होंने चौथी गेंद पर फिर चौका लगाया और इसके साथ ही मुंबई इंडियंस का दोहरा शतक पूरा हो गया।
राशिद खान ने हैदराबाद को छठी सफलता दिलाई। उन्होंने 16वें ओवर की तीसरी गेंद पर क्रुणाल पंड्या को मोहम्मद नबी के हाथों कवर में कैच कराया। क्रुणाल 7 गेंद में 9 रन बनाकर आउट हुए। दूसरी ओर सूर्यकुमार यादव ने 20 गेंद में 40 रन बना लिए हैं। उन्होंने अब तक 5 चौके और 2 छक्के लगाए हैं। क्रुणाल की जगह नाथन-कूल्टर नाइल बल्लेबाजी के लिए आए।
पोलार्ड की जगह जेम्स नीशम बल्लेबाजी के लिए आए। अभिषेक ने उन्हें ओवर की आखिरी गेंद पर कवर के इलाके में मोहम्मद नबी के हाथों कैच कराया। अभिषेक की यह गेंद ऑफ स्टंप पर थी। नीशम ने शॉट खेला, लेकिन टाइमिंग सही नहीं रही और नबी ने कैच लपक लिया। नीशम की जगह क्रुणाल पंड्या क्रीज पर आए।
अभिषेक शर्मा ने मुंबई इंडियंस को दो गेंद में 2 झटके दिए। अभिषेक हैदराबाद के लिए 13वां ओवर लेकर आए। उन्होंने पहले पांचवीं गेंद पर कीरोन पोलार्ड का विकेट झटका। पोलार्ड 12 गेंद में 13 रन बनाकर आउट हुए। पोलार्ड का कैच लॉन्ग ऑन पर जेसन रॉय ने लपका। अभिषेक शर्मा की यह ओवर पिच गेंद थी। पोलार्ड ने सीधे बल्ले से मारा, काफी सीधा, लेकिन वहां जेशन रॉय खड़े थे। पहले उनके हाथ से गेंद छिटकी, लेकिन तीसरे प्रयास में उन्होंने लपक लिया।
उमरान मलिक 10वां ओवर लेकर आए। उन्होंने पहली ही गेंद पर इशान किशन को विकेट के पीछे ऋद्धिमान साहा के हाथों कैच आउट करा दिया। निश्चित रूप से उमरान मलिक ने हैदराबाद को बड़ी कामयाबी दिलाई है। उनकी यह गेंद ऑफ़ स्टंप के बाहर तेज थी। गेंद में अतिरिक्त पेस और उछाल था। इशान ने क्रीज में खड़े-खड़े ड्राइव की कोशिश की थी। बल्ले का बाहरी किनारा लगा और विकेटकीपर ने एक आसान सा कैच लपक लिया। इशान 32 गेंद में 84 रन बनाकर आउट हुए। उन्होंने अपनी पारी के दौरान 11 चौके और 4 छक्के लगाए। उनकी जगह सूर्यकुमार यादव क्रीज पर आए।
जेसन होल्डर ने सनराइजर्स हैदराबाद को दूसरी सफलता दिलाई। उन्होंने 9वें ओवर की तीसरी गेंद पर हार्दिक पंड्या को जेसन रॉय के हाथों लॉन्ग ऑन पर कैच कराया। होल्डर की यह मिडिल स्टंप पर लेंथ और धीमी गेंद थी। पंड्या बड़ी हिट करना चाहते थे, टाइमिंग सही नहीं और एक आसान सा कैच दे बैठे। उनकी जगह कीरोन पोलार्ड क्रीज पर आए।
राशिद खान 8वां ओवर लेकर आए। उनकी पहली गेंद पर इशान किशन ने छक्का लगाया। इसके साथ ही मुंबई इंडियंस के 100 रन पूरे हो गए। इससे पहले मुंबई इंडियंस ने पावर प्ले में एक विकेट पर 83 रन बनाए। इशान किशन ने 30 गेंद में 83 रन बनाए हैं।
उमरान मलिक ने 5वां ओवर डाला। इस ओवर में उन्होंने 15 रन दिए। पांच ओवर के बाद मुंबई का स्कोर बिना विकेट खोए 78 रन था। हालांकि, 6वें ओवर में हैदराबाद को पहली सफलता मिला। राशिद खान ने तीसरी गेंद पर एमआई कप्तान को नबी के हाथों कैच आउट कराया। रोहित 13 गेंद में 18 रन बनाकर आउट हुए।
इशान किशन हैदराबाद के गेंदबाजों की कुटाई करने में जुटे हैं। उन्होंने 16 गेंद में अपना अर्धशतक पूरा किया। उन्होंने जेसन होल्डर की गेंद को सीमा रेखा के पार भेजकर अपना अर्धशतक पूरा किया। इस सीजन का यह सबसे तेज अर्धशतक है। मुंबई इंडियंस ने 4 ओवर में बिना विकेट खोए 63 रन बना लिए हैं। इशान अब तक 8 चौके और 2 छक्के लगा चुके हैं।
मुंबई इंडियंस की ओर से रोहित शर्मा और इशान किशन ने पारी की शुरुआत की। सनराइजर्स हैदराबाद की ओर से मोहम्मद नबी पहला ओवर लेकर आए। रोहित ने पहली गेंद पर एक रन लेकर स्ट्राइक इशान को दी। इशान ने दूसरी गेंद पर छक्का जड़कर अपना खाता खोला। मुंबई इंडियंस की शानदार शुरुआत हुई है।
सनराइजर्स हैदराबाद: जेसन रॉय, अभिषेक शर्मा, मनीष पांडे (कप्तान), प्रियम गर्ग, अब्दुल समद, ऋद्धिमान साहा (विकेटकीपर), जेसन होल्डर, राशिद खान, मोहम्मद नबी, उमरान मलिक, सिद्धार्थ कौल।
मुंबई इंडियंस: रोहित शर्मा (कप्तान), ईशान किशन (विकेटकीपर), सूर्यकुमार यादव, हार्दिक पंड्या, कीरोन पोलार्ड, क्रुणाल पंड्या, जेम्स नीशम, नाथन कूल्टर-नाइल, जसप्रीत बुमराह, पीयूष चावला, ट्रेंट बोल्ट।